डिलीवरी गाड़ी से सिलेंडर चोरी मामले में चार गिरफ्तार

WhatsApp Channel Join Now
डिलीवरी गाड़ी से सिलेंडर चोरी मामले में चार गिरफ्तार


दुमका, 14 जून (हि.स.)। नगर थाना क्षेत्र के दुधानी, कुरुवा के लोगों ने रविवार की सुबह दुधानी स्थित कुसुम गैस एजेंसी के सामने से डिलीवरी वाहन से सिलेंडर चोरी के आरोप में कुरुवा के तीन शातिर चोरों को धर दबोचा। लोगों ने खंभे में बांधकर तीनों की जमकर पिटाई की। सूचना पर नगर थाना की पुलिस मौके पर पहुंच तीनों को साथ ले आई। पुलिस ने चोरी का सिलेंडर खरीदने वाले कुमारपाड़ा के दुकानदार भैरव सिंह को भी पकड़ा।

चारों के खिलाफ पुलिस मामला दर्ज करते हुए जेल भेजने की तैयारी में जुटी है। इस बावत इंडेन एजेंसी के संचालक राजू भगत ने बताया कि सुबह हरिहर मंडल रोज की तरह सिलेंडर डिलीवरी करने के लिए गाड़ी लेकर आया। वह दुकान के अंदर रसीद लेने गया, तभी तीन युवक गाड़ी से एक सिलेंडर उठाकर भाग गए। लोगों ने तीनों की भागते हुए तस्वीर ले ली। पूछताछ करने पर पता चला कि कुरुवा के रहने वाले कुणाल राणा, धनेश्वर मुर्मू व विष्णु प्रसाद साह तीनों शातिर चोर हैं। गांव के लोगों का भी सिलेंडर व गहना-जेवरात चोरी कर चुका है। इसलिए सभी नाराज थे। गांव के लोगों ने तीनों को पकड़कर बिजली के पोल से बांधकर जमकर पीटाई की। सूचना मिलने पर नगर थाना प्रभारी अशोक राम के नेतृत्व में पुलिस टीम मौके पर पहुंचे और तीनों को थाने लेकर आए।

पूछताछ में कुणाल ने बताया कि वह कई बार साथियों की मदद से सिलेंडर चोरी कर दुकानदार भैरव सिंह को बेच चुका है। मामला सामने आने के बाद भैरव ने चोरी किया हुआ सिलेंडर वाहन मालिक को वापस कर मामले को रफा-दफा करने का प्रयास किया। पुलिस की कार्रवाई जानने के लिए वह भी नगर थाना पहुंच गया। पुलिस ने उसे भी पकड़ लिया। बताया जाता है कि भैरव कई साल से सस्ते दाम में चोरी के सिलेंडर खरीद चुका है। दो माह पहले भी पुलिस ने उसकी दुकान में छापेमारी की थी, लेकिन चोरी का एक भी सिलेंडर नहीं मिला था।

नगर थाना प्रभारी अशोक राम ने बताया कि सिलेंडर चोरी में दुकानदार समेत चार को जेल भेज दिया गया है। तीनों चोर पहले भी सिलेंडर चोरी कर चुके हैं। दुकानदार चोरी का सामान खरीदकर वारदात को बढ़ावा दे रहा था।

,

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / नीरज कुमार

Share this story