रांची में मनाया गया वनवासी कल्याण आश्रम का स्थापना दिवस

WhatsApp Channel Join Now
रांची में मनाया गया वनवासी कल्याण आश्रम का स्थापना दिवस


रांची, 27 दिसंबर (हि.स.)। झारखंड की राजधानी रांची के वृंदावन कॉलोनी स्थित चिरौंदी में अखिल भारतीय वनवासी कल्याण आश्रम का स्थापना दिवस शनिवार को श्रद्धा और उत्साह के साथ मनाया गया। इस अवसर पर राष्ट्रीय सह श्रद्धा जागरण प्रमुख महरंग उरांव मुख्य अतिथि थे।

मुख्य अतिथि महरंग उरांव ने इस मौके पर कहा कि अखिल भारतीय वनवासी कल्याण आश्रम की स्थापना वनयोगी बालासाहब देशपांडे ने 26 दिसंबर 1952 को जशपुर (तत्कालीन मध्य प्रदेश, वर्तमान छत्तीसगढ़) में जनजाति बच्चों के लिए छात्रावास खोलकर की थी। यह संयोग है कि बालासाहब देशपांडे का जन्मदिन भी 26 दिसंबर ही है। उन्होंने संस्थापक को नमन करते हुए कहा कि इसी वजह से यह स्थापना दिवस और भी विशेष बन जाता है।

उरांव ने आगे बताया कि वर्ष 1978 में अखिल भारतीय स्तर पर कल्याण आश्रम के प्रकल्पों और सेवा कार्यों को राष्ट्रीय स्वरूप प्रदान किया गया। वर्तमान में देश के 17,097 स्थानों पर 22,101 सेवा प्रकल्प आश्रम के माध्यम से संचालित किए जा रहे हैं।

मुख्य वक्ता क्षेत्रीय नगरीय प्रमुख हीरेंद्र सिन्हा ने संस्थापक बालासाहब देशपांडे द्वारा जनजातीय क्षेत्रों में किए गए जनजागरण और सेवा कार्यों पर प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि स्थापना के 73 वर्षों के बाद यह आवश्यक है कि हम अपने कार्यों की समीक्षा करें और बालासाहब के विचारों से प्रेरणा लेकर आगे बढ़ें। उनके नेतृत्व में यह संगठन देशभर में जनजाति समाज के सर्वांगीण विकास के लिए सक्रिय है। साथ ही, जनजातियों की धर्म-संस्कृति, परंपराओं और रीति-रिवाजों के संरक्षण के लिए निरंतर प्रयासरत है।

कार्यक्रम में शिक्षा प्रकल्प की अध्यक्ष तनुजा मुंडा ने अपने संबोधन में कहा कि 1952 में आश्रम की स्थापना प्रतिकूल परिस्थितियों में हुई थी। आज भी जनजाति समाज के सामने वही कठिनाइयां बनी हुई हैं। उन्होंने चेतावनी दी कि कुछ देशविरोधी तत्व सेवा के नाम पर जनजाति समाज की धर्म, संस्कृति और परंपराओं को नष्ट करने और धर्मांतरण कराने की कोशिश कर रहे हैं। बालासाहब देशपांडे हमेशा लोगों को इस खतरे के प्रति जागरूक करते थे।

कार्यक्रम का संचालन विभाग के संगठन मंत्री दीनबंधु सिंह ने किया। इस अवसर पर नगर के गणमान्य व्यक्तियों में हिंदुआ उरांव, पूनम गुप्ता, कुसिया मुंडा, चंदेश्वर मुंडा, डॉ. राजेश कुमार, सुनील कुमार सिंह सहित अन्य गणमान्य बंधु उपस्थित रहे।

-----------

हिन्दुस्थान समाचार / विकाश कुमार पांडे

Share this story