झारखंड स्थापना दिवस पखवाड़ा: आवासों में गृह प्रवेश, स्कूलों में शपथ और गांवों में स्वच्छता अभियान
रांची, 17 नवंबर (हि.स.)। झारखंड राज्य स्थापना दिवस समारोह ‘विरासत, प्रगति और आकांक्षाओं का उत्सव-2026’ के तहत राज्य के विभिन्न जिलों में विकास, जनकल्याण एवं जागरूकता से जुड़ी गतिविधियां आयोजित की जा रही हैं।
इसी क्रम में ग्रामीण आवास योजनाओं के तहत नवनिर्मित आवासों में गृह प्रवेश कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं।
लाभुक परिवारों ने विधि-विधान से अपने नए पक्के घरों में प्रवेश कर नए जीवन की शुरुआत की। इससे उनके बीच उत्साह का माहौल रहा। यह पहल ग्रामीण परिवारों को सुरक्षित और सम्मानजनक आवास उपलब्ध कराने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है।
लोहरदगा जिले में गृह प्रवेश सप्ताह के तहत कुल 1667 आवासों में गृह प्रवेश का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। इनमें प्रधानमंत्री आवास योजना-ग्रामीण के 1005, अबुआ आवास के 660, पीएम जनमन के 10 तथा बाबा साहेब भीमराव अंबेडकर आवास योजना के दो आवास शामिल हैं।
गढ़वा के नगर उंटारी एवं रमना प्रखंड में अबुआ आवास योजना के आठ लाभुकों का गृह प्रवेश कराया गया। इस दौरान फलदार पौधारोपण, स्वच्छता एवं नशामुक्ति अभियान चलाया गया। साथ ही वीबी-जी राम जी योजना के तहत दो सड़क निर्माण योजनाओं का शिलान्यास हुआ।
वहीं, जामताड़ा के विद्यालयों में विद्यार्थियों एवं शिक्षकों ने राज्य की सांस्कृतिक विरासत, पर्यावरण संरक्षण और विकास में सहभागिता की शपथ ली। स्थापना दिवस समारोह के तहत 28 नवंबर तक विभिन्न जिलों में कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।
इन गतिविधियों का उद्देश्य जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने के साथ स्वच्छता, जनभागीदारी और सतत विकास को बढ़ावा देना है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / विकाश कुमार पांडे

