देवघर एम्स ने मनाया 8वां स्थापना दिवस, केंद्रीय मंत्री अन्नपूर्णा देवी और सांसद निशिकांत दुबे हुए शामिल
देवघर, 25 मई (हि.स.)। झारखंड के देवीपुर स्थित अखिल भारतीय आयुर्विज्ञान संस्थान (एम्स) देवघर का सोमवार को 8वां स्थापना दिवस धूमधाम और उत्साह के साथ मनाया गया। इस अवसर पर आयोजित कार्यक्रम में केंद्रीय मंत्री अन्नपूर्णा देवी और गोड्डा लोकसभा क्षेत्र के सांसद निशिकांत दुबे मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। कार्यक्रम के दौरान संस्थान की उपलब्धियों, चिकित्सा सेवाओं और रिसर्च कार्यों को विस्तार से प्रस्तुत किया गया।
स्थापना दिवस समारोह में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले छात्रों को सम्मानित किया गया। इसके साथ ही बेहतर शोध कार्य करने वाले फैकल्टी सदस्यों को सर्टिफिकेट और शिल्ड देकर प्रोत्साहित किया गया। कार्यक्रम में मौजूद अतिथियों ने एम्स देवघर की उपलब्धियों की सराहना करते हुए इसे संताल परगना क्षेत्र के लिए बड़ी सौगात बताया।
केंद्रीय मंत्री अन्नपूर्णा देवी ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी द्वारा संताल परगना को दिया गया एम्स एक बड़ा उपहार है। उन्होंने कहा कि आज देवघर एम्स में बिहार, झारखंड, पश्चिम बंगाल सहित अन्य राज्यों से बड़ी संख्या में मरीज इलाज के लिए पहुंच रहे हैं, जो पूरे क्षेत्र के लिए गर्व की बात है।
उन्होंने कहा कि एम्स की स्थापना से सुदूर ग्रामीण और पिछड़े इलाकों के लोगों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध हो रही हैं। इसके साथ ही क्षेत्र में स्वास्थ्य सेवाओं के विकास के साथ-साथ रोजगार और बुनियादी ढांचे को भी मजबूती मिली है। केंद्रीय मंत्री ने कहा कि संस्थान में लगातार रिसर्च कार्य किए जा रहे हैं, जिससे चिकित्सा क्षेत्र में नई संभावनाएं विकसित हो रही हैं।
इस मौके पर सांसद निशिकांत दुबे ने कहा कि एम्स जैसा संस्थान किसी भी क्षेत्र के लिए बड़ी उपलब्धि होती है। उन्होंने बताया कि देवघर एम्स में लगातार हाईटेक सुविधाओं का विस्तार किया जा रहा है और आने वाले समय में स्वास्थ्य सेवाओं में आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (एआई) का भी उपयोग किया जाएगा।
सांसद ने विश्वास जताया कि आने वाले वर्षों में देवघर एम्स देश के प्रमुख चिकित्सा संस्थानों में अपनी पहचान बनाएगा। उन्होंने कहा कि यहां से शिक्षा प्राप्त करने वाले डॉक्टर देश और विदेश में अपनी प्रतिभा का लोहा मनवाएंगे।
कार्यक्रम में देवघर एम्स के निदेशक डॉ. नितिन एम. गंगाने, विभागीय चिकित्सक, अधिकारी, कर्मचारी और बड़ी संख्या में छात्र मौजूद रहे।-----------------
हिन्दुस्थान समाचार / Anup Kumar Roy

