झारखंड कांग्रेस के पूर्व उपाध्यक्ष हरिराम बाबू का पार्थिव शरीर पहुंचा पार्टी मुख्यालय, पार्टी नेताओं ने दी श्रद्धांजलि

WhatsApp Channel Join Now
झारखंड कांग्रेस के पूर्व उपाध्यक्ष हरिराम बाबू का पार्थिव शरीर पहुंचा पार्टी मुख्यालय, पार्टी नेताओं ने दी श्रद्धांजलि


रांची, 04 जुलाई (हि.स.)। झारखंड प्रदेश कांग्रेस कमेटी के पूर्व उपाध्यक्ष और पूर्व विधायक हरिराम बाबू के पार्थिव शरीर को शुक्रवार को प्रदेश कांग्रेस मुख्यालय, रांची लाया गया, जहां कांग्रेस नेताओं एवं कार्यकर्ताओं ने उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की।

इस अवसर पर झारखंड प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष केशव महतो कमलेश और वित्त मंत्री राधाकृष्ण किशोर ने दिवंगत नेता के पार्थिव शरीर पर कांग्रेस का ध्वज अर्पित कर उन्हें अंतिम सम्मान दिया। उपस्थित नेताओं और कार्यकर्ताओं ने पुष्पांजलि अर्पित कर उनके प्रति अपनी श्रद्धा व्यक्त की और दो मिनट का मौन रखकर उनकी आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना की।

मौके पर प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष केशव महतो कमलेश ने कहा कि हरिराम बाबू ने अपना पूरा जीवन कांग्रेस की विचारधारा, संगठन और जनसेवा के लिए समर्पित किया। वे एक सादगीपूर्ण, कर्मठ और जनप्रिय नेता थे। उनका निधन कांग्रेस परिवार के लिए अपूरणीय क्षति है, जिसकी भरपाई निकट भविष्य में संभव नहीं है।

वित्त मंत्री राधाकृष्ण किशोर ने कहा कि हरिराम बाबू का सार्वजनिक जीवन संघर्ष, सेवा और जनहित के प्रति समर्पण का उत्कृष्ट उदाहरण रहा। उन्होंने हमेशा समाज के वंचित एवं कमजोर वर्गों की आवाज़ बुलंद की। उनका योगदान सदैव स्मरणीय रहेगा।

कांग्रेस मुख्यालय में श्रद्धांजलि सभा के बाद दिवंगत हरिराम बाबू के पार्थिव शरीर को हरमू मुक्तिधाम ले जाया गया, जहां पूरे सामाजिक सम्मान के साथ उनका अंतिम संस्कार किया गया।

श्रद्धांजलि अर्पित करने वालों में मंजूर अहमद अंसारी, रोशन लाल भाटिया, राकेश सिन्हा, सुनीत शर्मा, राजेश गुप्ता छोटू, कामेश्वर गिरी, सुनील सिंह, कुमार राजा, राजन वर्मा, चंचल चटर्जी, धर्मेंद्र सिंह, उज्जवल तिवारी, जगदीश साहू, नरेंद्र लाल गोपी सहित अन्य शामिल थे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / Vinod Pathak

Share this story