अंबा प्रसाद ने राज्यपाल से की मुलाकात, विष्णुगढ़ मामले में सीबीआई जांच की मांग

WhatsApp Channel Join Now
अंबा प्रसाद ने राज्यपाल से की मुलाकात, विष्णुगढ़ मामले में सीबीआई जांच की मांग


अंबा प्रसाद ने राज्यपाल से की मुलाकात, विष्णुगढ़ मामले में सीबीआई जांच की मांग


रांची, 01 अप्रैल (हि.स.)। अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी की राष्ट्रीय सचिव और पूर्व विधायक अंबा प्रसाद ने बुधवार को राज्यपाल संतोष कुमार गंगवार से मुलाकात कर हजारीबाग के विष्णुगढ़ थाना क्षेत्र में हुए गंभीर मामले को लेकर ज्ञापन सौंपा। उन्होंने राज्यपाल से इस मामले में तत्काल हस्तक्षेप करते हुए केंद्रीय अन्वेषण ब्यूरो (सीबीआई) से जांच कराने की मांग की।

अंबा प्रसाद ने ज्ञापन में कहा कि विष्णुगढ़ थाना कांड संख्या 42/2026 में अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई है, जिससे आम जनता का पुलिस प्रशासन पर भरोसा कमजोर होता जा रहा है। उन्होंने आरोप लगाया कि हजारीबाग पुलिस अपराधियों तक पहुंचने में पूरी तरह विफल रही है, जो प्रशासनिक लापरवाही को दर्शाता है।

घटना को अत्यंत दर्दनाक और अमानवीय बताते हुए उन्होंने कहा कि यह निर्भया कांड से भी अधिक भयावह है। उन्होंने पुलिस की कार्यशैली पर सवाल उठाते हुए कहा कि या तो मामले को गंभीरता से नहीं लिया जा रहा है या फिर सच्चाई को दबाने की कोशिश हो रही है।

अंबा प्रसाद ने मांग की कि पीड़ित परिवार को उचित मुआवजा और पुनर्वास दिया जाए, साथ ही राज्य महिला आयोग को भी इस मामले में सक्रिय किया जाए। इसके अतिरिक्त, उन्होंने आरोपितों की शीघ्र गिरफ्तारी, हजारीबाग के पुलिस अधीक्षक (एसपी) के तबादले और उनके खिलाफ विभागीय कार्रवाई की भी मांग की। साथ ही संबंधित पुलिस उपाधीक्षक (डीएसपी) और थाना प्रभारी को निलंबित करने की बात कही।

राज्यपाल संतोष गंगवार ने अंबा प्रसाद की बातों को गंभीरता से सुना और आवश्यक कार्रवाई का आश्वासन दिया है।------------

हिन्दुस्थान समाचार / विकाश कुमार पांडे

Share this story