राजकीय सम्मान के साथ पूर्व मंत्री विमला प्रधान का हुआ अंतिम संस्कार, बड़े पुत्र ने दी मुखाग्नि

WhatsApp Channel Join Now
राजकीय सम्मान के साथ पूर्व मंत्री विमला प्रधान का हुआ अंतिम संस्कार, बड़े पुत्र ने दी मुखाग्नि


राजकीय सम्मान के साथ पूर्व मंत्री विमला प्रधान का हुआ अंतिम संस्कार, बड़े पुत्र ने दी मुखाग्नि


राजकीय सम्मान के साथ पूर्व मंत्री विमला प्रधान का हुआ अंतिम संस्कार, बड़े पुत्र ने दी मुखाग्नि


सिमडेगा, 20 सितंबर (हि.स.)। झारखंड की पूर्व मंत्री विमला प्रधान का अंतिम संस्कार रविवार को सिमडेगा के बगडांड गांव स्थित पालामाड़ा नदी तट पर पूरे राजकीय सम्मान के साथ किया गया।

उनके पार्थिव शरीर के पहुंचते ही सिमडेगा पुलिस की ओर से उन्हें अंतिम सलामी दी गई। इस दौरान जिला प्रशासन और पुलिस प्रशासन के कई अधिकारी मौजूद रहे।

विमला प्रधान के निधन के बाद शनिवार को राज्य सरकार ने उनके अंतिम संस्कार को राजकीय सम्मान के साथ कराने का निर्देश जारी किया था। सरकार के निर्देश के बाद जिला प्रशासन और पुलिस प्रशासन ने राजकीय सम्मान के साथ अंतिम संस्कार की सभी तैयारियां पूरी कर ली थी और रविवार को अंतिम संस्कार किया गया।

पालामाड़ा नदी तट पर राजकीय सम्मान की प्रक्रिया के तहत पुलिस कमांडर सहित 21 जवानों ने पूर्व मंत्री विमला प्रधान को अंतिम सलामी दी। जवानों ने 5 राउंड फायरिंग कर उन्हें राजकीय सम्मान प्रदान किया। इस दौरान मौके पर बड़ी संख्या में पुलिस जवान और प्रशासनिक अधिकारी तैनात रहे।

अंतिम संस्कार के दौरान सिमडेगा के डीसी और एसपी सहित जिला प्रशासन के कई अधिकारी, पुलिस जवान और शहर के सैकड़ों लोग मौजूद रहे। लोगों ने पूर्व मंत्री विमला प्रधान को श्रद्धांजलि अर्पित कर उनके निधन पर शोक व्यक्त किया।

राजकीय सम्मान की प्रक्रिया पूरी होने के बाद पूर्व मंत्री विमला प्रधान का अंतिम संस्कार सामाजिक रीति-रिवाज के अनुसार किया गया। उनके बड़े पुत्र मनीष मणिकांत प्रधान ने मुखाग्नि दी। इस दौरान परिजनों, समर्थकों और स्थानीय लोगों की मौजूदगी में नम आंखों से पूर्व मंत्री को अंतिम विदाई दी गई।

उल्लेखनीय है कि पूर्व मंत्री विमला प्रधान का शुक्रवार की रात रांची के एक निजी अस्पताल में इलाज के दौरान निधन हो गया था। बताया गया कि वह लंबे समय से बीमार चल रही थीं। उनके निधन के बाद उनके पार्थिक शरीर को भाजपा प्रदेश कार्यालय ले जाकर श्रद्धांजलि दी गयी थी।

वहीं मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन भी उनके रांची स्थित आवास जाकर श्रद्धांजलि अर्पित कर परिजनों से मिलकर उनका हौसला बढ़ाया था।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / विकाश कुमार पांडे

Share this story