पूर्व मेयर ने तालाब को अतिक्रमण मुक्त कराने के लिए दाखिल की जनहित याचिका

WhatsApp Channel Join Now
पूर्व मेयर ने तालाब को अतिक्रमण मुक्त कराने के लिए दाखिल की जनहित याचिका


देवघर 20 मई (हि.स.)। पूर्व महापौर प्रत्याशी सूरज झा ने उपायुक्त को आवेदन भेजकर बताया है कि उनकी ओर से झारखंड उच्च न्यायालय में मोदी बांध तालाब को अतिक्रमण से बचाने के लिए जनहित याचिका दाखिल किया गया है।

उक्त मामले में राज्य सरकार की ओर से न्यायालय में यह हलफनामा देकर कहा गया कि तालाब पर अतिक्रमण रोक दिया गया है और आवश्यक कार्यवाई कर दी गई है। लेकिन वास्तविक स्थिति इसके विपरीत है और वर्तमान समय में भी सम्बंधित स्थल पर लगातार अवैध अतिक्रमण और निर्माण कार्य जारी है। इससे तालाब का अस्तित्व और आसपास के पर्यावरण के लिए खतरा बना हुआ है।सूरज झा ने कहा कि यह स्थिति दर्शाती है कि न्यायालय के समक्ष भ्रामक और गलत तथ्य प्रस्तुत किया गया है जो न्यायालय को गुमराह करता प्रतीत होता है। उन्होंने उपायुक्त से आग्रह किया है कि उक्त मामले की स्थल निरीक्षण कर निष्पक्ष जांच कराई जाए। साथ ही तालाब पर हो रहे अवैध अतिक्रमण और निर्माण कार्य को तत्काल प्रभाव से रोका जाए और सम्बंधित दोषी अधिकारी एवं व्यक्तियों के विरुद्ध उचित कानूनी कार्रवाई की जाए। साथ ही साथ जांच उपरांत वास्तविक और सत्य रिपोर्ट न्यायालय को प्रस्तुत किया जाए।

हिन्दुस्थान समाचार / Anup Kumar Roy

Share this story