जेवर के शोरुम से 14 लाख गबन करने का आराेपित गिरफ्तार

WhatsApp Channel Join Now
जेवर के शोरुम से 14 लाख गबन करने का आराेपित गिरफ्तार


दुमका, 03 अप्रैल (हि.स.)। सेन्को गोल्ड एंड डायमंड्स के शोरुम के 14 लाख रुपए गबन करने के मामले में पूर्व मैनेजर राज सिन्हा को नगर थाना की पुलिस ने देवघर से गिरफ्तार कर दुमका ले आयी, जहां शुक्रवार को न्यायिक हिरसत में केन्द्रीय कारा भेज दिया।

आरोपित राज सिन्हा, देवघर जिला के बाइपास रोड के बैजनाथपुर मोड़ का निवासी था। अगस्त 2025 में उक्त कर्मी के विरुद्ध नगर थाना में रूपए गबन की प्राथमिकी दर्ज कराई गई थी। सेन्को गोल्ड एंड डायमंड्स का शोरुम शहर के हदहदिया रोड स्थित है। उक्त शोरुम में आरोपी मैनेजर के पद पर था।

वह ग्राहकों को जेवर दिखाने के साथ रोज होने वाली बिक्री के पैसे को कंपनी के बैंक खाते में जमा करने का भी काम किया करता था। पिछले साल अगस्त 2025 में उसने तीन दिन की बिक्री के 14 लाख रुपया बैंक में जमा नहीं किया और कंपनी को तारीख बदलकर गलत जमा रसीद थमा दी। उन्होंने कहा कि जब ऑडिट टीम ने जांच की तो कंपनी के खाते में 14 लाख रुपया कम निकला। जब राज सिन्हा से पूछताछ की गई, तो उसने अपने गुनाह को स्वीकार कर लिया। दबाव पड़ने पर उसने करीब चार लाख रुपया जमा कर दिया था। इसके बाद कंपनी ने बाकी का पैसा जमा करने के लिए किस्त बांध दिया, लेकिन उसने एक भी पैसा जमा नहीं किया। इसके बाद कंपनी ने उसके खिलाफ नगर थाना दुमका में प्राथमिकी दर्ज कराई। नगर थाना के एसआई रोहित कुमार ने तीन नोटिस जारी की और खुद देवघर जाकर पैसा जमा करने को कहा, पर राज ने नहीं पैसा जमा किया और न ही नोटिस का जवाब दिया।

वहीं कोर्ट से गिरफ्तारी वारंट निकलने पर एसआई रोहित कुमार ने गुरुवार की रात देवघर में दबिश देकर आरोपित राज सिन्हा को गिरफ्तार कर दुमका केन्द्रीय कारा भेज दिया।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / नीरज कुमार

Share this story