जेपीएससी के पूर्व अध्यक्ष एल. ख्यांगते से सीआईडी की पूछताछ, 14वीं सिविल सेवा परीक्षा समेत भर्ती अनियमितताओं की हो रही जांच
रांची, 28 जुलाई (हि.स.)। झारखंड लोक सेवा आयोग (जेपीएससी) के पूर्व अध्यक्ष एल. ख्यांगते मंगलवार को राज्य अपराध अनुसंधान विभाग (सीआईडी) कार्यालय पहुंचे, जहां 14वीं जेपीएससी सिविल सेवा परीक्षा समेत विभिन्न भर्ती परीक्षाओं में कथित अनियमितताओं के मामले में उनसे पूछताछ शुरू की गई।
सीआईडी ने इससे पहले एल. ख्यांगते को नोटिस जारी कर 28 जुलाई को पूछताछ के लिए उपस्थित होने का निर्देश दिया था। नोटिस के अनुपालन में वह निर्धारित समय पर सीआईडी कार्यालय पहुंचे। इसके बाद जांच अधिकारियों ने उनसे भर्ती प्रक्रियाओं और कथित अनियमितताओं से जुड़े विभिन्न पहलुओं पर पूछताछ शुरू की।
उल्लेखनीय है कि जेपीएससी की विभिन्न नियुक्तियों में कथित गड़बड़ियों और अनियमितताओं की जांच सीआईडी कर रही है। जांच के दौरान एजेंसी कई अभ्यर्थियों, अधिकारियों और अन्य संबंधित लोगों से भी पूछताछ कर चुकी है तथा दस्तावेजों और अन्य साक्ष्यों की जांच जारी है।
सीआईडी इस मामले में अब तक कथित नियुक्ति घोटाले के मुख्य आरोपित अभय तिवारी सहित 10 लोगों को गिरफ्तार कर चुकी है। जांच एजेंसी का कहना है कि मामले से जुड़े सभी तथ्यों की गहनता से पड़ताल की जा रही है और साक्ष्यों के आधार पर आगे भी आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
--------------
हिन्दुस्थान समाचार / विकाश कुमार पांडे

