गुरु रविदास की 650वीं जयंती पर सात माह चलेगा 'समरसता संकल्प अभियान', झारखंड में होंगे व्यापक कार्यक्रम : अर्जुन मुंडा

WhatsApp Channel Join Now
गुरु रविदास की 650वीं जयंती पर सात माह चलेगा 'समरसता संकल्प अभियान', झारखंड में होंगे व्यापक कार्यक्रम : अर्जुन मुंडा


गुरु रविदास की 650वीं जयंती पर सात माह चलेगा 'समरसता संकल्प अभियान', झारखंड में होंगे व्यापक कार्यक्रम : अर्जुन मुंडा


रांची, 28 जुलाई (हि.स.)। झारखंड के पूर्व मुख्यमंत्री एवं भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के वरिष्ठ नेता अर्जुन मुंडा ने कहा कि पार्टी ने संत शिरोमणि गुरु रविदास की 650वीं जयंती को देशभर में 'समरसता संकल्प अभियान' के रूप में भव्य तरीके से मनाने का निर्णय लिया है। उन्होंने कहा कि यह राष्ट्रव्यापी अभियान पूरे देश के साथ-साथ झारखंड में भी व्यापक स्तर पर आयोजित किया जाएगा, जिसका उद्देश्य संत रविदास के सामाजिक समरसता, समानता और भाईचारे के संदेश को गांव-गांव और घर-घर तक पहुंचाना है।

मंगलवार को भाजपा प्रदेश कार्यालय में आयोजित प्रेसवार्ता को संबोधित करते हुए अर्जुन मुंडा ने बताया कि यह अभियान 29 जुलाई को गुरु पूर्णिमा से प्रारंभ होकर 20 फरवरी, 2027 (संत रविदास जयंती/माघी पूर्णिमा) तक चलेगा। लगभग सात महीने तक चलने वाले इस अभियान के दौरान विभिन्न सामाजिक, सांस्कृतिक और धार्मिक कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। उन्होंने कहा कि झारखंड की भागीदारी भी इस अभियान में महत्वपूर्ण और व्यापक होगी।

अर्जुन मुंडा ने बताया कि अभियान की शुरुआत 29 जुलाई को गुरु पूर्णिमा की संध्या पर 'समरसता दीप महोत्सव' के साथ होगी। इस अवसर पर झारखंड सहित देशभर के मंदिरों और अन्य धार्मिक स्थलों पर दीप प्रज्ज्वलित किए जाएंगे। उन्होंने कहा कि इस कार्यक्रम का उद्देश्य समाज में समरसता, सौहार्द और सकारात्मक वातावरण का निर्माण करना तथा हर घर तक खुशियों और सामाजिक एकता का संदेश पहुंचाना है।

भाजपा नेता ने कहा कि इसी दिन 'कलश वंदन अभियान' का भी शुभारंभ संत रविदास की जन्मस्थली सीर गोवर्धनपुर (वाराणसी) से किया जाएगा। वहां की पवित्र मिट्टी को कलशों में लेकर देश के सभी राज्यों में मंडल स्तर तक पहुंचाया जाएगा। इस अभियान के माध्यम से संत रविदास के विचारों और उनके सामाजिक संदेश को जन-जन तक पहुंचाने का प्रयास किया जाएगा।

अर्जुन मुंडा ने बताया कि अभियान के तहत 5 अक्टूबर से 5 नवंबर तक जालंधर से वाराणसी के बीच 'समरसता यात्रा' भी निकाली जाएगी। इसके अतिरिक्त समय-समय पर अन्य कार्यक्रमों का आयोजन किया जाएगा, जिनकी जानकारी संगठन द्वारा जारी की जाएगी। उन्होंने कहा कि यह केवल एक आयोजन नहीं, बल्कि भारतीय संस्कृति, सामाजिक चेतना और राष्ट्रीय विचारधारा को मजबूत करने का व्यापक अभियान है।

उन्होंने कहा कि इस अभियान का आह्वान भाजपा के राष्ट्रीय संगठन की ओर से किया गया है। पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन ने इसकी विस्तृत कार्ययोजना तैयार की है, जबकि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने भी संत रविदास के जीवन, उनके आदर्शों और सामाजिक समरसता के संदेश को आत्मसात करने का आह्वान किया है।

अर्जुन मुंडा ने कहा कि संत रविदास के विचार नए भारत के निर्माण की प्रेरणा देते हैं और यह अभियान समाज को उसी दिशा में आगे बढ़ाने का माध्यम बनेगा। उन्होंने कहा कि सामाजिक समरसता और समानता का संदेश आज भी उतना ही प्रासंगिक है, जितना संत रविदास के समय था। उन्होंने विश्वास जताया कि यह अभियान समाज के विभिन्न वर्गों को जोड़ने, सामाजिक सद्भाव को मजबूत करने और राष्ट्र निर्माण की भावना को नई ऊर्जा प्रदान करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा।

प्रेसवार्ता में भाजपा के प्रदेश मीडिया प्रभारी योगेन्द्र प्रताप सिंह, प्रदेश प्रवक्ता अशोक बड़ाईक, प्रकाश सिंह तथा मीडिया सह-प्रभारी अजय राय भी उपस्थित थे।

------------

हिन्दुस्थान समाचार / विकाश कुमार पांडे

Share this story