फुटपाथ दुकानदारों का नगर निगम कार्यालय पर प्रदर्शन, अतिक्रमण हटाओ अभियान के विरोध में सड़कों पर उतरे

WhatsApp Channel Join Now
फुटपाथ दुकानदारों का नगर निगम कार्यालय पर प्रदर्शन, अतिक्रमण हटाओ अभियान के विरोध में सड़कों पर उतरे


रांची, 14 जुलाई (हि.स.)। नगर निगम की विजिलेंस टीम की ओर से फुटपाथ दुकानदारों के खिलाफ चलाए जा रहे अतिक्रमण हटाओ अभियान के विरोध में मंगलवार को बड़ी संख्या में दुकानदार सड़कों पर उतर आए। दुकानदारों ने नगर निगम कार्यालय का घेराव कर जोरदार प्रदर्शन किया और अभियान पर तत्काल रोक लगाने की मांग की। इस दौरान नगर निगम प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी भी की गई।

प्रदर्शनकारी दुकानदारों का कहना था कि नगर निगम की लगातार कार्रवाई से हजारों परिवारों की आजीविका पर संकट खड़ा हो गया है। वे फुटपाथ पर दुकान लगाकर अपने परिवार का भरण-पोषण करते हैं और बच्चों की पढ़ाई का खर्च भी इसी आय से चलता है। ऐसे में बिना किसी वैकल्पिक व्यवस्था के दुकानें हटाना उनके साथ अन्याय है।

दुकानदारों ने आरोप लगाया कि नगर निगम बिना लिखित नोटिस दिए केवल मौखिक आदेश के आधार पर दुकानें हटवा रहा है, जबकि नियमों के अनुसार किसी भी कार्रवाई से पहले 30 दिन का नोटिस दिया जाना चाहिए। उन्होंने मांग की कि सभी प्रभावित दुकानदारों को नियमानुसार नोटिस जारी करने के बाद ही आगे की कार्रवाई की जाए।

प्रदर्शनकारियों ने यह भी आरोप लगाया कि पिछले नौ वर्षों से फुटपाथ दुकानदारों का सर्वे नहीं कराया गया है, जबकि पिछले पांच वर्षों से टाउन वेंडिंग कमेटी (टीवीसी) का चुनाव भी लंबित है। उनका कहना है कि प्रशासनिक लापरवाही का खामियाजा छोटे दुकानदारों को भुगतना पड़ रहा है।

दुकानदारों ने नगर निगम पर उच्च न्यायालय के निर्देशों की भावना के विपरीत कार्रवाई करने का आरोप लगाते हुए अतिक्रमण हटाओ अभियान पर रोक लगाने, लंबित सर्वे शीघ्र पूरा कराने तथा टाउन वेंडिंग कमेटी का चुनाव कराने की मांग की।

इधर, फुटपाथ दुकानदारों के प्रदर्शन और जेपीएससी अभ्यर्थियों के धरने के कारण मंगलवार को रांची की यातायात व्यवस्था पूरी तरह प्रभावित रही। कचहरी चौक सहित शहर के कई प्रमुख मार्गों पर घंटों तक लंबा जाम लगा रहा। कचहरी रोड, रेडियम रोड, जेल रोड, रातू रोड, अल्बर्ट एक्का चौक और लालपुर से कचहरी चौक तक वाहनों की लंबी कतारें देखी गईं।

यातायात बाधित होने से कार्यालय जाने वाले कर्मचारियों, छात्र-छात्राओं और आम लोगों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा। स्कूलों की छुट्टी के समय कई स्कूल बसें भी जाम में फंस गईं। स्थिति को सामान्य करने के लिए ट्रैफिक पुलिस को काफी मशक्कत करनी पड़ी, जिसके बाद धीरे-धीरे यातायात सुचारु हो सका।-------------

हिन्दुस्थान समाचार / विकाश कुमार पांडे

Share this story