खाद्य सुरक्षा विभाग ने की 35 प्रतिष्ठानों में खाद्य पदार्थों की जांच
देवघर, 24 अगस्त (हि.स.)। उपायुक्त की ओर से गठित खाद्य सुरक्षा टीमों ने देवघर के विभिन्न प्रमुख क्षेत्रों में खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता और स्वच्छता सुनिश्चित करने के उद्देश्य से सघन निरीक्षण अभियान चलाया। अभियान के दौरान जलसार रोड, टावर चौक, बड़ा बाजार, कबूतर धर्मशाला, आजाद चौक एवं मीना बाजार क्षेत्र स्थित विभिन्न खाद्य प्रतिष्ठानों की जांच की गई।
निरीक्षण के दौरान होटल, रेस्टोरेंट, मिष्ठान भंडार और किराना दुकानों में खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता, स्वच्छता एवं खाद्य सुरक्षा मानकों के अनुपालन की जांच की गई। अभियान के तहत कुल 35 प्रतिष्ठानों का निरीक्षण किया गया।
जांच के दौरान केसरी भोजनालय, किशन पराठा, देवघर होटल, विश्वनाथ जलपान, भगीरथ पेड़ा, न्यू मालदा मिष्ठान भंडार, रस्तोगी पेड़ा, उपहार पेड़ा, महादेव साहा पेड़ा, सुबोध लड्डू वाले, बाबा गरीबनाथ पेड़ा, मां पार्वती पेड़ा, दीनानाथ केसरी सहित अन्य प्रतिष्ठानों की जांच की गई।
अभियान के दौरान खाद्य पदार्थों के 67 सैंपल प्राथमिक जांच में सही पाए गए। खाद्य सुरक्षा विभाग की टीम ने सभी खाद्य कारोबारियों को खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता बनाए रखने, प्रतिष्ठानों में स्वच्छता सुनिश्चित करने और निर्धारित खाद्य सुरक्षा मानकों का अनिवार्य रूप से पालन करने का निर्देश दिया।
विभाग ने स्पष्ट किया कि खाद्य सुरक्षा मानकों के उल्लंघन या मिलावटखोरी का मामला सामने आने पर संबंधित प्रतिष्ठानों के विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। मिलावटखोरी के खिलाफ यह अभियान आगे भी जारी रहेगा।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / Anup Kumar Roy

