खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता जांच के लिए बुधवार से राज्यभर में विशेष अभियान
रांची, 06 अक्टूबर (हि.स.)। झारखंड में खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता और लोगों के स्वास्थ्य को लेकर स्वास्थ्य विभाग ने सख्त रुख अपनाया है। ठेले-खोमचे पर बिकने वाले गोलगप्पे, समोसे समेत अन्य खाद्य पदार्थों से लेकर चार सितारा होटलों और बड़े प्रतिष्ठानों में परोसे जाने वाले खाद्य उत्पादों की सघन जांच की जाएगी। जांच के दौरान खाद्य पदार्थों के नमूने लिए जाएंगे और मिलावट या अन्य गड़बड़ी मिलने पर दोषियों के खिलाफ नियमानुसार कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
इस संबंध में स्वास्थ्य विभाग के अपर मुख्य सचिव अजय कुमार सिंह ने मंगलवार को राज्य के सभी जिलों के नामित पदाधिकारियों और खाद्य सुरक्षा अधिकारियों के साथ वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से बैठक की। उन्होंने अधिकारियों को बुधवार से पूरे राज्य में विशेष अभियान चलाने का निर्देश दिया।
अपर मुख्य सचिव ने कहा कि जांच अभियान सिर्फ मिठाई और पनीर तक सीमित नहीं रहना चाहिए, बल्कि सभी प्रकार के खाद्य पदार्थों को इसके दायरे में शामिल किया जाए। उन्होंने खाद्य सुरक्षा एवं मानक प्राधिकरण (एफएसएसएआई) के मानकों का कड़ाई से पालन सुनिश्चित करने का निर्देश दिया।
संयुक्त खाद्य सुरक्षा आयुक्त अनुज कुमार प्रसाद को स्वयं क्षेत्र में जाकर नमूने लेने और जांच अभियान की निगरानी करने को कहा गया है। साथ ही रांची स्थित फूड सेफ्टी लैब में आवश्यक सुविधाएं और जांच सामग्री उपलब्ध कराने का निर्देश दिया गया।
तत्काल प्राथमिक जांच के लिए तीन चलंत जांच वाहन लगाए जाएंगे। इनमें दो वाहन रांची और एक धनबाद में तैनात किया जाएगा। अभियान की नियमित समीक्षा होगी और दुर्गा पूजा से पहले इसकी प्रगति की दोबारा समीक्षा की जाएगी।---------
हिन्दुस्थान समाचार / Manoj Kumar

