पुंदाग स्थित सेवाधाम में निराश्रितों और दिव्यांगजनों को कराया गया अन्नपूर्णा सेवा भोजन
रांची, 15 मई (हि.स.)। प्रणामी ट्रस्ट द्वारा संचालित श्री कृष्ण प्रणामी मंगल राधिका सदानंद सेवाधाम, पुंदाग में शुक्रवार को आश्रम में रह रहे निराश्रितों और दिव्यांगजनों के लिए अन्नपूर्णा सेवा भोजन का आयोजन किया गया। इस दौरान आश्रम में रहने वाले सभी जरूरतमंदों को सम्मानपूर्वक भोजन कराया गया।
कार्यक्रम में कमल साहू एवं उनके परिवार के सौजन्य से आश्रम के निराश्रितों को भोजन प्रसाद वितरित किया गया। इस अवसर पर आश्रम परिसर में सेवा और सहयोग का भाव देखने को मिला। ट्रस्ट से जुड़े सदस्यों और सामाजिक कार्यकर्ताओं ने भी भोजन वितरण कार्यक्रम में सक्रिय भागीदारी निभाई।
आश्रम के प्रवक्ता संजय सर्राफ ने बताया कि एक मई से 15 मई तक लगातार 15 दिनों के दौरान सैकड़ों निराश्रितों को अन्नपूर्णा सेवा के तहत भोजन प्रसाद उपलब्ध कराया गया है। उन्होंने कहा कि समाज के सहयोग से इस प्रकार के सेवा कार्य लगातार संचालित किए जा रहे हैं, जिससे जरूरतमंदों को राहत मिल रही है।
उन्होंने बताया कि इस अवसर पर आनंद जायसवाल, पप्पू कुमार, अनिष्क नारायण, गरिमा कुमारी, मुकेश जाजोदिया सहित कई लोगों के सहयोग से सभी निराश्रितों को भोजन कराया गया। इसके अलावा कई समाजसेवियों और दानदाताओं ने आश्रम में खाद्य सामग्री एवं दैनिक जरूरत की वस्तुएं भी उपलब्ध कराईं।
संजय सर्राफ ने कहा कि समाज के हर वर्ग को इस तरह के सेवा कार्यों में सहयोग और प्रोत्साहन देना चाहिए। उन्होंने कहा कि मानव सेवा ही सबसे बड़ी सेवा है और जरूरतमंदों की सहायता करना समाज का नैतिक दायित्व है।
अन्नपूर्णा सेवा कार्यक्रम के दौरान ट्रस्ट के अध्यक्ष डुंगरमल अग्रवाल, उपाध्यक्ष राजेंद्र प्रसाद अग्रवाल, निर्मल जालान, मनोज कुमार चौधरी, निर्मल छावनिका, सज्जन पाड़िया सहित ट्रस्ट के अन्य सदस्य उपस्थित थे।
--------------
हिन्दुस्थान समाचार / Manoj Kumar

