रांची में ‘टेस्ट ऑफ ट्रेडिशन’ फूड फेस्टिवल, बंगाली-ओड़िया व्यंजनों का मिलेगा स्वाद
रांची, 15 अप्रैल (हि.स.)। राजधानी रांची में मेकॉन के इस्पात क्लब की ओर से ‘टेस्ट ऑफ ट्रेडिशन’ नामक विशेष फूड फेस्टिवल का आयोजन 14 से 17 अप्रैल 2026 तक किया जा रहा है। यह फेस्टिवल प्रतिदिन शाम 6 बजे से रात 10 बजे तक इस्पात क्लब परिसर में आयोजित हो रहा है।
मेकॉन की ओर से जारी प्रेस विज्ञप्ति में सीमांतिनी साहू ने बताया कि इस फेस्टिवल में बंगाली और ओड़िया व्यंजनों की समृद्ध परंपरा और विविधता को प्रस्तुत किया जा रहा है। इसमें पारंपरिक स्वाद और क्षेत्रीय व्यंजनों का विशेष आकर्षण देखने को मिल रहा है।
बंगाली व्यंजनों में बसंती पुलाव, लुची, शुक्तो, सरसों माछ और चिंगड़ी मलाईकरी जैसे लोकप्रिय पकवान शामिल हैं। वहीं ओड़िया व्यंजनों में दालमा, बेसरा के साथ-साथ चिकन कासा और मिष्टी दही जैसे स्वादिष्ट व्यंजन परोसे जा रहे हैं।
आयोजकों के अनुसार, यह फूड फेस्टिवल सिर्फ खानपान तक सीमित नहीं है, बल्कि पूर्वी भारत की सांस्कृतिक विरासत और पारंपरिक पाक-कला को बढ़ावा देने का एक प्रयास भी है।
इस आयोजन के माध्यम से रांची के लोगों को विभिन्न राज्यों के पारंपरिक स्वाद और संस्कृति से रूबरू होने का अवसर मिल रहा है। आयोजकों ने शहरवासियों से अपील की है कि वे अधिक से अधिक संख्या में पहुंचकर इस फूड फेस्टिवल का आनंद लें।---------------
हिन्दुस्थान समाचार / Manoj Kumar

