कार्तिक पूर्णिमा पर जरूरतमंदों में बांटी गई खाद्य सामग्री
रांची, 24 नवंबर (हि.स.)। कार्तिक पूर्णिमा के अवसर पर साईं सेवाश्रम ट्रस्ट की ओर से मंगलवार को शहर के विभिन्न क्षेत्रों में दिव्यांग, कुष्ठ रोगी और जरूरतमंदों में खाद्य सामग्री एवं आवश्यक दवाइयों का वितरण किया गया।
इस अवसर पर ट्रस्ट के अध्यक्ष अमित लाल ने कहा कि संस्था समाज के अंतिम पायदान पर खड़े जरूरतमंद लोगों तक सेवा पहुंचाने के लिए निरंतर प्रयासरत है। यह सेवा कार्य आगे भी जारी रहेगा।
उन्होंने बताया कि 50 जरूरतमंद लोगों के बीच राहत सामग्री वितरित की गई।
वितरण कार्यक्रम के तहत नामकुम स्थित वाल्मीकि आवास, केतारी बागान, कडरू और चुटिया काली मंदिर के आसपास रहने वाले जरूरतमंदों को खाद्य सामग्री उपलब्ध कराई गई।
वितरित सामग्री में चावल, दाल, चीनी, चना, सोयाबीन बड़ी, चूड़ा, चायपत्ती, सरसों तेल, नमक, आलू, प्याज, बिस्कुट, साबुन, मसाले, मोमबत्ती और माचिस सहित दैनिक उपयोग की कई आवश्यक वस्तुएं शामिल थीं।
कार्यक्रम को सफल बनाने में समाजसेवी मुकेश, रमेश शर्मा, शिवजीत कुमार, आरव सहित अन्य लोगों ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / Manoj Kumar

