वाराणसी-कोलकाता एक्सप्रेस-वे निर्माण में लगी पांच हाईवा जब्त

WhatsApp Channel Join Now
वाराणसी-कोलकाता एक्सप्रेस-वे निर्माण में लगी पांच हाईवा जब्त


वाराणसी-कोलकाता एक्सप्रेस-वे निर्माण में लगी पांच हाईवा जब्त


बोकारो, 14 जून (हि.स.)। कसमार प्रखंड के बगियारी क्षेत्र में वाराणसी-कोलकाता सिक्स लेन एक्सप्रेस-वे निर्माण कार्य में लगी ओवरलोड एवं नियमों का उल्लंघन कर रही हाईवा गाड़ियों के खिलाफ जिला परिवहन विभाग ने विशेष छापेमारी अभियान चलाया। अभियान का नेतृत्व जिला परिवहन पदाधिकारी (डीटीओ) मारुति मिंज ने किया।

छापेमारी के दौरान छाई लदे आठ हाईवा वाहनों की जांच की गई। इनमें से पांच वाहनों को ओवरलोडिंग, वैध कागजात एवं ट्रांजिट पास नहीं होने के कारण जब्त कर लिया गया, जबकि तीन वाहनों पर ऑनलाइन चालान काटा गया। सभी वाहनों पर नियमानुसार जुर्माना भी लगाया गया है।

डीटीओ ने रविवार काे बताया कि जांच के दौरान पाया गया कि एक्सप्रेस-वे निर्माण कार्य में लगी कई हाईवा गाड़ियां निर्धारित क्षमता से अधिक छाई ढो रही थीं। साथ ही कई वाहनों के पास आवश्यक ट्रांजिट पास और परिवहन संबंधी दस्तावेज भी उपलब्ध नहीं थे। नियमों के उल्लंघन के कारण वाहनों को जब्त कर कसमार थाना के सुपुर्द कर दिया गया।

जांच में यह भी सामने आया कि निर्माण कार्य में बिहार, ओडिशा, उत्तर प्रदेश और छत्तीसगढ़ समेत अन्य राज्यों के नंबर वाले वाहनों का बड़े पैमाने पर उपयोग किया जा रहा है। इनमें से कई वाहनों के पास झारखंड में संचालन के लिए आवश्यक परमिट और टैक्स संबंधी दस्तावेज नहीं पाए गए।

डीटीओ मारुति मिंज ने स्पष्ट कहा कि बाहरी राज्यों के वाहन हों या स्थानीय, नियमों का उल्लंघन करने वालों को किसी प्रकार की छूट नहीं दी जाएगी। ऐसे वाहनों को चिन्हित कर उनके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जा रही है। अभियान के दौरान कसमार थाना प्रभारी कुंदन कुमार सहित परिवहन विभाग की टीम मौजूद रही।

हिन्दुस्थान समाचार / अनिल कुमार

Share this story