हत्या मामले में पांच गिरफ्तार, 40 हजार रुपये की सुपारी देकर करायी गयी थी हत्या
बोकारो, 25 अप्रैल (हि.स.)। चन्द्रपुरा थाना क्षेत्र के तरंगा पंचायत अंतर्गत चिरूबाद गांव के समीप जमुनिया नदी में बोरे में बंद मिले महिला के शव मामले का पुलिस ने महज 24 घंटे के भीतर खुलासा कर दिया है। इस हत्याकांड को 40 हजार रुपये की सुपारी देकर अंजाम दिया गया था।
हत्या के बाद शव को बोरे में बंद कर नदी में फेंक दिया गया, ताकि उसकी पहचान मिटाई जा सके।
बेरमो के एसडीपीओ बशिष्ट नारायण सिंह ने शनिवार को प्रेसवार्ता कर बताया कि 23 अप्रैल को जमुनिया नदी से एक अज्ञात महिला का शव बरामद हुआ था। इस संबंध में चन्द्रपुरा थाना में (कांड संख्या 45/2026) दर्ज कर जांच शुरू की गई। मामले की गंभीरता को देखते हुए बोकारो पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर उनके नेतृत्व में विशेष जांच दल (एसआईटी) का गठन किया गया।
जांच के क्रम में तकनीकी साक्ष्य और गुप्त सूचना के आधार पर पुलिस को अहम सुराग मिले। इसी दौरान यह जानकारी सामने आई कि चास थाना क्षेत्र से 20 अप्रैल को एक महिला लापता हुई थी। शव का पोस्टमार्टम कराने के बाद पहचान के लिए डीवीसी अस्पताल, चन्द्रपुरा के शवगृह में रखा गया। बाद में मृतका की पहचान बेबी देवी के रूप में हुई, जिसकी पुष्टि उसके पति और बेटे ने की।
एसडीपीओ ने बताया कि परिजनों के संदेह और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए सेक्टर-09 क्षेत्र से मुख्य आरोपित गुड्डू वर्णवाल उर्फ मुकेश कुमार और अनिल कुमार को गिरफ्तार किया। दोनों से पूछताछ के बाद उनकी निशानदेही पर शौकत रजा उर्फ गुड्डू अंसारी, जागेश्वर महतो और विवेक कुमार को भी गिरफ्तार कर लिया गया।
पूछताछ में आरोपितों ने स्वीकार किया कि मुख्य आरोपित गुड्डू वर्णवाल और मृतका के बीच पूर्व से जान-पहचान थी और आपसी विवाद के कारण उसने अपने साथियों के साथ मिलकर हत्या की साजिश रची।
इस साजिश के तहत 40 हजार रुपये की सुपारी देकर बेबी देवी की हत्या कराई गई। हत्या के बाद शव को बोरे में बंद कर जमुनिया नदी में फेंक दिया गया।
पुलिस ने घटना में प्रयुक्त स्विफ्ट कार भी बरामद किया है। कार के अंदर से लंबे बाल और पीछे की सीट के नीचे खून के धब्बे मिले हैं, जिन्हें जब्त कर लिया गया है। इसके अलावा छह मोबाइल फोन भी बरामद किए गए हैं।
एसडीपीओ ने बताया कि इस पूरे मामले में सभी आरोपितों की गिरफ्तारी हो चुकी है और उनसे पूछताछ जारी है। पुलिस इस मामले से जुड़े अन्य पहलुओं की भी जांच कर रही है।
हिन्दुस्थान समाचार / अनिल कुमार

