सैकड़ों समर्थकों के साथ सामाजिक कार्यकर्ता व फिटनेस एक्सपर्ट सुमित दुबे भाजपा में शामिल
रांची, 19 जुलाई (हि.स.)। भारतीय जनता पार्टी,रांची महानगर जिला की ओर से रविवार को तुपुदाना स्थित औरेलिया बैंक्वेट हॉल में सदस्यता ग्रहण एवं मिलन समारोह कार्यक्रम किया गया। इस कार्यक्रम में हटिया–तुपुदाना क्षेत्र के प्रख्यात सामाजिक कार्यकर्ता एवं फिटनेस एक्सपर्ट सुमित दुबे एवं उनकी धर्मपत्नी श्वेता दुबे ने अपने सैकड़ों समर्थकों के साथ भारतीय जनता पार्टी की सदस्यता ग्रहण की।
इस अवसर पर केंद्रीय रक्षा राज्यमंत्री एवं रांची के सांसद संजय सेठ, भाजपा रांची महानगर जिला अध्यक्ष वरुण साहू, भाजपा रांची जिला पूर्वी अध्यक्ष विनय महतो (धीरज), रांची नगर निगम के उप महापौर नीरज कुमार, प्रदेश प्रवक्ता आरती कुजूर, महिला मोर्चा की प्रदेश अध्यक्षा आरती सिंह, पूर्व जिला अध्यक्ष के.के. गुप्ता, बलराम सिंह, जितेंद्र वर्मा, ने नवसदस्यों को पार्टी का अंगवस्त्र एवं पुष्पमाला पहनाकर भाजपा परिवार में आत्मीय स्वागत किया।
मिलन समारोह में केंद्रीय रक्षा राज्यमंत्री संजय सेठ ने कहा कि भाजपा केवल सत्ता प्राप्ति का माध्यम नहीं, बल्कि राष्ट्रसेवा का एक व्यापक जनआंदोलन है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में देश विकास, सुशासन और आत्मनिर्भर भारत की दिशा में निरंतर आगे बढ़ रहा है। उन्होंने सुमित दुबे एवं नवसदस्यों का स्वागत करते हुए विश्वास व्यक्त किया कि उनके जुड़ने से संगठन और अधिक सशक्त होगा तथा जनसेवा के कार्यों को नई गति मिलेगी।
सुमित दुबे ने भाजपा परिवार में शामिल होने पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए कहा कि भारतीय जनता पार्टी की राष्ट्रवादी विचारधारा, सेवा भाव एवं प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में हो रहे ऐतिहासिक कार्यों से प्रभावित होकर उन्होंने अपने साथियों के साथ पार्टी की सदस्यता ग्रहण करने का निर्णय लिया है। उन्होंने विश्वास दिलाया कि वे पूरी निष्ठा और समर्पण के साथ संगठन को मजबूत बनाने तथा समाज एवं राष्ट्रहित में कार्य करेंगे।
रांची महानगर अध्यक्ष वरुण साहू ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी आज देश की सबसे विश्वसनीय राजनीतिक शक्ति है। संगठन की विचारधारा और कार्यशैली से प्रभावित होकर समाज के विभिन्न वर्गों के लोग लगातार भाजपा से जुड़ रहे हैं। उन्होंने कहा कि सुमित दुबे एवं उनके समर्थकों का भाजपा परिवार में स्वागत है और उनके जुड़ने से संगठन को नई ऊर्जा एवं मजबूती मिलेगी।
उप महापौर नीरज कुमार ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी की विकासोन्मुखी नीतियों और जनकल्याणकारी योजनाओं के कारण समाज के सभी वर्गों का विश्वास पार्टी के प्रति निरंतर बढ़ रहा है। उन्होंने नवसदस्यों से जनहित के कार्यों में सक्रिय भूमिका निभाने का आह्वान किया।
कार्यक्रम की अध्यक्षता भाजपा रांची महानगर जिला अध्यक्ष वरुण साहू ने की, जबकि मंच संचालन भाजपा रांची महानगर जिला के महामंत्री जितेंद्र वर्मा ने किया।
समारोह के अंत में सभी अतिथियों ने नवसदस्यों का अभिनंदन करते हुए उन्हें संगठन की रीति-नीति एवं राष्ट्र प्रथम के संकल्प के साथ कार्य करने का आह्वान किया।
कार्यक्रम में मुख्य रूप से भाजपा रांची महानगर जिला के महामंत्री बलराम सिंह, सत्यदेव मुंडा, नीरज चौधरी, प्रदेश मीडिया सह प्रभारी सूरज शहदेव, सोशल मीडिया प्रभारी राहुल शहदेव, तुपुदाना मंडल अध्यक्ष गणेश तिग्गा, हटिया मंडल अध्यक्ष सुप्रिया दुबे, पूर्व मंडल अध्यक्ष राम मनोज साहू सहित जिला एवं मंडलों के अनेक पदाधिकारी, जनप्रतिनिधि, वरिष्ठ कार्यकर्ता एवं बड़ी संख्या में भाजपा कार्यकर्ता उपस्थित थे।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / विकाश कुमार पांडे

