जिला पुलिस के जवान पर फायरिंग, ससुराल के दरवाजे पर मारी गई गोली
पलामू,03 मई (हि.स.)। मेदिनीनगर सदर थाना क्षेत्र के सुआ कौड़िया गांव में रविवार को जिला पुलिस के एक जवान पर फायरिंग कर दी गई। यह घटना जवान के ससुराल के दरवाजे पर हुई। उसके हाथ में गोली लगी है। इलाज के लिए उसे मेदनी राय मेडिकल कॉलेज अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
पुलिस जवान की पहचान पवन सिंह (33) के रूप में हुई है। पवन लातेहार जिले के मनिका थाना क्षेत्र के बरवईया चामा के रहने वाले हैं। वह छुट्टी पर घर आए हैं। वह बाईक से ससुराल सुआ गांव में हृदया सिंह के यहां पहुंचे थे। दरवाजे पर पहुंच कर बाइक खड़ी कर रहे थे। इसी क्रम में पीछे से आए दो बाइक सवार अपराधियों ने उन पर गोली चला दी। गोली उनके हाथ में लगी। गोली मारने के तुरंत बाद अपराधी मौके से तेजी से निकल गए।
ससुराल के लोगों और स्थानीय ग्रामीणों ने मिलकर उन्हें इलाज के लिए एमएमसीएच में भर्ती कराया। इलाज के बाद उनकी उसकी स्थिति खतरे से बाहर बताई जा रही है। पुलिस मामले की जांच में जुटी है।
पवन सिंह के अनुसार पुरानी दुश्मनी के कारण गोली चलाई गई। गोली मारने वालों की पहचान करने की बात कही गई है। पुलिस इसके लिए छापामारी कर रही है।--------------
हिन्दुस्थान समाचार / दिलीप कुमार

