डीएलएड के प्रशिक्षुओं को दिया अग्नि सुरक्षा का प्रशिक्षण
देवघर, 24 अगस्त (हि.स.)। देव संघ इंस्टीट्यूट ऑफ प्रोफेशनल स्टडीज एंड एजुकेशनल रिसर्च (डिपसर), देवघर में एनएसएस इकाई-1 के तत्वावधान में सोमवार को फायर एक्सटिंग्विशर और अग्नि सुरक्षा विषय पर जागरूकता सह प्रशिक्षण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में डीएलएड प्रथम वर्ष के प्रशिक्षुओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।
कार्यक्रम के दौरान देवघर जिला अग्निशमन विभाग से पहुंचे अग्निशमन अधिकारी ने प्रशिक्षुओं को आग लगने के प्रमुख कारणों, आग से बचाव के उपायों एवं आपातकालीन परिस्थितियों में बरती जाने वाली सावधानियों की विस्तृत जानकारी दी। उन्होंने फायर एक्सटिंग्विशर के सही एवं सुरक्षित उपयोग की प्रक्रिया समझाते हुए अग्निशमन उपकरणों के व्यावहारिक उपयोग का प्रशिक्षण भी दिया।
प्रशिक्षुओं को बताया गया कि आग लगने के लिए मुख्य रूप से ऑक्सीजन, ज्वलनशील पदार्थ और ऊष्मा (हीट) आवश्यक होते हैं। इनमें से किसी एक तत्व को नियंत्रित कर आग पर काबू पाया जा सकता है। प्रशिक्षण के दौरान विभिन्न प्रकार की आग की पहचान, परिस्थिति के अनुसार उपयुक्त अग्निशमन उपकरण का चयन और आग लगने की स्थिति में सुरक्षित तरीके से बाहर निकलने और दूसरों की मदद करने के उपायों की जानकारी दी गई।
कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य प्रशिक्षुओं में अग्नि सुरक्षा और आपदा प्रबंधन के प्रति जागरूकता विकसित करना एवं आपातकालीन परिस्थितियों में त्वरित, सुरक्षित और प्रभावी कार्रवाई के लिए उन्हें तैयार करना था।
इस अवसर पर संस्थान के शिक्षकगण, एनएसएस इकाई-1 के सदस्य एवं डीएलएड प्रथम वर्ष के प्रशिक्षु उपस्थित थे। प्रशिक्षण कार्यक्रम ज्ञानवर्धक, व्यावहारिक एवं उपयोगी रहा और प्रशिक्षुओं ने अग्नि सुरक्षा से जुड़े महत्वपूर्ण पहलुओं की जानकारी प्राप्त की।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / Anup Kumar Roy

