कार और ऑटो में टक्कर के बाद लगी आग, तीन घायल

WhatsApp Channel Join Now
कार और ऑटो में टक्कर के बाद लगी आग, तीन घायल


रांची, 09 अप्रैल (हि.स.)।

झारखंड उच्च न्यायालय के पास कार और ऑटो में हुई जबरदस्त टक्कर के बाद दोनों ही वाहनों में आग लग गई। आग लगने की वजह से कार और ऑटो में सवार तीन लोग जख्मी हो गए हैं। घायलों को पुलिस और स्थानीय लोगों की सहायता से रेस्क्यू कर अस्पताल इलाज के लिए भेजा गया है। गुरुवार की देर शाम रांची के धुर्वा थाना क्षेत्र स्थित उच्च न्यायालय के पास कार और एक ऑटो में भीषण टक्कर हो गई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि कार और ऑटो दोनों में ही आग लग गई। देखते ही देखते दोनों ही वाहनों में आग ने विकराल रूप ले लिया।

इसी बीच पुलिस और स्थानीय लोगों ने हिम्मत दिखाते हुए कार और ऑटो में फंसे लोगों को किसी तरह बाहर निकाल उनकी जान बचाई। मौके पर पहुंचे एंबुलेंस की सहायता से सभी घायलों को इलाज के लिए नजदीक के अस्पताल भेज दिया गया। वहीं आग इतनी तेजी के साथ कार और ऑटो में फैली कि देखते ही देखते दोनों जलकर बर्बाद हो गए।

मौके पर पहुंचे दमकल के वाहनों ने कड़ी मशक्कत के बाद कार और ऑटो में लगे आग पर काबू पाया। मौके पर मौजूद दमकलकर्मियों ने बताया कि कार और ऑटो दोनों ही सीएनजी मॉडल थे। यही वजह थी कि टक्कर होने के बाद दोनों में आग लग गई। बीच सड़क पर दो वाहनों में टक्कर के बाद आग लगने की वजह से थोड़ी देर के लिए मौके पर अफरा-तफरी मच गई। इससे सडक पर लंबा ट्रैफिक जाम लग गया। हालांकि पुलिस और दमकल की टीम ने आग पर काबू पाने के बाद जेसीबी मंगाकर दोनों ही जले हुए वहां को सड़क से किनारे हटाया।

हटिया डीएसपी प्रमोद कुमार मिश्रा ने बताया कि पुलिस और दमकल वाहनों के तत्परता की वजह से एक बड़ा हादसा टल गया। आग लगे वाहनों से सुरक्षित सभी को निकाल लिया गया था। कुछ लोग घायल हुए हैं, जिन्हें इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती करवाया गया है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / विकाश कुमार पांडे

Share this story