स्टेशन परिसर में नो-पार्किंग में खड़े वाहनों से वसूला जुर्माना
देवघर, 19 मई (हि.स.)। मधुपुर जंक्शन रेलवे स्टेशन परिसर में बढ़ती अव्यवस्था, यातायात बाधा और सुरक्षा संबंधी समस्याओं को देखते हुए मंगलवार को रेलवे सुरक्षा बल (आरपीएफ) ने विशेष अभियान चलाकर नो-पार्किंग क्षेत्र में खड़े दोपहिया वाहन चालकों से जुर्माना वसूला गया। यह कार्रवाई रेलवे मजिस्ट्रेट विवेक राज के निर्देश पर की गई।
स्टेशन के प्रवेश द्वार, प्लेटफॉर्म के समीप और अन्य प्रतिबंधित क्षेत्रों में खड़ी दर्जनों बाइक और स्कूटी को चिन्हित कर उनके मालिकों पर भारतीय रेल के प्रावधानों के तहत आर्थिक दंड लगाया गया।
आरपीएफ के एएसआई डीपी सिन्हा ने बताया कि अनियमित रूप से वाहन खड़ा किए जाने के कारण यात्रियों को आवाजाही में काफी परेशानी हो रही थी। कई बार आपात स्थिति में रास्ता अवरुद्ध होने की शिकायत भी मिली थी। इन्हीं समस्याओं को ध्यान में रखते हुए यह अभियान चलाया गया। उन्होंने स्पष्ट किया कि स्टेशन परिसर में केवल अधिकृत पार्किंग स्थल पर ही वाहन खड़ा करने की अनुमति है। नो-पार्किंग जोन में वाहन लगाने वालों के खिलाफ आगे भी नियमित रूप से कार्रवाई जारी रहेगी।
अभियान के दौरान आरपीएफ जवानों ने वाहन चालकों और स्थानीय लोगों को नियमों के प्रति जागरूक भी किया। अधिकारियों ने कहा कि रेलवे परिसर में अतिक्रमण और अवैध पार्किंग किसी भी स्थिति में बर्दाश्त नहीं की जाएगी। रेलवे प्रशासन ने आम लोगों से अपील की है कि वे अपने वाहन केवल निर्धारित पार्किंग स्थल में ही खड़ा करें, ताकि स्टेशन परिसर में सुव्यवस्था बनी रहे और यात्रियों को किसी प्रकार की असुविधा का सामना न करना पड़े।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / Anup Kumar Roy

