देवघर में तीन वर्षों से एक ही कुर्सी पर जमे वित्तीय कर्मियों का होगा तबादला

WhatsApp Channel Join Now
देवघर में तीन वर्षों से एक ही कुर्सी पर जमे वित्तीय कर्मियों का होगा तबादला


देवघर, 14 मई (हि.स.)। स्वास्थ्य विभाग में लंबे समय से एक ही कार्यालय में पदस्थापित वित्तीय कार्यों से जुड़े कर्मियों के तबादले की प्रक्रिया तेज हो गई है। स्वास्थ्य निदेशक प्रमुख, रांची ने राज्य के सभी जिलों के स्वास्थ्य अधीक्षकों को पत्र जारी कर निर्देश दिया है कि वित्तीय कार्यों से संबंधित ऐसे कर्मियों की समीक्षा की जाए, जो तीन वर्षों से अधिक समय से एक ही कार्यालय में कार्यरत हैं।

जारी निर्देश के अनुसार वरीय लेखा सहायक, लेखा सहायक, लेखा अधीक्षक, लेखपाल और बिल के लिपिक जैसे पदों पर कार्यरत कर्मियों का यदि एक ही कार्यालय में पदस्थापन तीन वर्ष से अधिक हो चुका है, तो उनका अनिवार्य रूप से एक कार्यालय से दूसरे कार्यालय में स्थानांतरण किया जाएगा।

इसके अनुपालन की रिपोर्ट एक सप्ताह के भीतर विभाग को उपलब्ध कराने को कहा गया है। निर्देश में यह भी स्पष्ट किया गया है कि तीन वर्ष से अधिक समय से पदस्थापित संबंधित कर्मियों को वित्तीय कार्यों से तत्काल प्रभाव से विमुक्त किया जाए। साथ ही सभी संस्थानों को निर्देश दिया गया है कि पत्र प्राप्ति के 24 घंटे के भीतर संबंधित कर्मियों की सेवा पुस्तिका एवं सेवा इतिहास उपलब्ध कराएं।

जिला संवर्ग के कर्मियों की जानकारी संबंधित जिले के सिविल सर्जन को भेजी जाएगी, जबकि राज्य संवर्ग के कर्मियों की सूची और सेवा इतिहास स्वास्थ्य निदेशालय को उपलब्ध कराया जाएगा, ताकि आगामी स्थापना समिति की बैठक में नियमानुसार उनका स्थानांतरण सुनिश्चित किया जा सके। विभाग ने चेतावनी दी है कि यदि निर्धारित समय सीमा के भीतर संबंधित कर्मियों की सूची उपलब्ध नहीं कराई जाती और स्थानांतरण नहीं होने के कारण किसी प्रकार की वित्तीय अनियमितता या अवैध निकासी होती है, तो इसकी पूरी जिम्मेदारी संबंधित कर्मी और निकासी एवं व्ययन पदाधिकारी (डीडीओ) की होगी। इसके अतिरिक्त, संविदा या एकमुश्त मानदेय पर कार्यरत कंप्यूटर ऑपरेटरों को वित्तीय कार्यों से दूर रखने का भी निर्देश जारी किया गया है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / Anup Kumar Roy

Share this story