एचईसी को पुनर्जीवित करने तक जारी रहेगा आंदोलन : सुबोधकांत सहाय
- अगली आमसभा 17 नवंबर को दोपहर एक बजे आयोजित करने का निर्णय
रांची, 14 नवंबर (हि.स.)। पूर्व केंद्रीय मंत्री सुबोधकांत सहाय ने कहा कि एचईसी कामगारों के बकाया वेतन का भुगतान कराने और सार्वजनिक उपक्रम एचईसी को बचाने तक मजदूरों का संघर्ष जारी रहेगा। उन्होंने कहा कि जब तक कामगारों को उनका वेतन नहीं मिलता और पंडित जवाहरलाल नेहरू द्वारा स्थापित इस मातृ उद्योग का पुनरुद्धार नहीं होता, तब तक आंदोलन जारी रहेगा।
सुबोधकांत सहाय शनिवार को एचईसी मुख्यालय के समक्ष आयोजित मजदूरों की आमसभा को संबोधित कर रहे थे। इस दौरान उन्होंने आरोप लगाया कि कामगारों के वेतन की राशि बैंक में पहुंचने के बावजूद ट्रिब्यूनल द्वारा नियुक्त प्रशासक एस. गोपाल कृष्णन ने उसे वापस मंगा लिया। उन्होंने केंद्र सरकार पर एसएलईटी का सहारा लेकर एचईसी को बंद करने की कोशिश करने का भी आरोप लगाया।
सहाय ने कहा कि एचईसी का अस्तित्व केवल एक उद्योग का मामला नहीं है, बल्कि यह हजारों कामगारों की रोजी-रोटी और एचईसी नगर की करीब डेढ़ लाख आबादी के भविष्य से जुड़ा है। उन्होंने कहा कि मजदूर उद्योग को बचाने के लिए एकजुट होकर संघर्ष करेंगे।
सभा में इंटक के राष्ट्रीय संगठन सचिव लीलाधर सिंह ने कहा कि नेहरू जयंती के अवसर पर मजदूर एचईसी को बचाने की लड़ाई लड़ रहे हैं। सभा की अध्यक्षता राम कुमार नायक ने की। इस दौरान हरेंद्र सिंह, प्रकाश कुमार और विमल कुमार ने भी अपने विचार रखे।
सभा में छठ पर्व को देखते हुए अगली आमसभा 17 नवंबर 2026 को दोपहर एक बजे एचईसी मुख्यालय के समक्ष आयोजित करने का निर्णय लिया गया।---------
हिन्दुस्थान समाचार / Manoj Kumar

