कन्या भ्रूण संरक्षण और बाल सुरक्षा पर छात्राओं को किया गया जागरूक
रामगढ़, 10 जुलाई (हि.स.)। मारवाड़ी युवा मंच रामगढ़ कैंट चेतना शाखा ने अपने रजत जयंती वर्ष के अवसर पर पूर्व प्रांतीय अध्यक्ष प्रवीण गोयल के सम्मान में शुक्रवार को शहर के मेन रोड स्थित छावनी परिषद मध्य विद्यालय में कन्या भ्रूण संरक्षण, नारी चेतना और गुड टच, बैड टच विषय पर जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया। कार्यक्रम में छात्र-छात्राओं को सामाजिक कुरीतियों के प्रति जागरूक करते हुए सुरक्षित एवं सम्मान जनक जीवन का संदेश दिया गया।
कार्यक्रम के दौरान विद्यार्थियों को कन्या भ्रूण हत्या के दुष्परिणामों से अवगत कराया गया। वक्ताओं ने 'बेटी बचाओ, बेटी पढ़ाओ' अभियान की आवश्यकता पर प्रकाश डालते हुए नारी सम्मान, समान अधिकार और बेटियों की शिक्षा को समाज की प्राथमिक जिम्मेदारी बताया। छात्र-छात्राओं से बेटियों के सम्मान और सुरक्षा के लिए जागरूक नागरिक बनने का आह्वान किया गया।
कार्यक्रम में बच्चों को गुड-टच और बैड-टच की जानकारी सरल भाषा में दी गई। उन्हें आत्मसुरक्षा के उपाय बताते हुए कहा गया कि किसी भी अनुचित व्यवहार या परिस्थिति में बिना डर अपने अभिभावकों, शिक्षकों या भरोसेमंद लोगों को तुरंत जानकारी दें। बच्चों को सजग, आत्मविश्वासी और सुरक्षित रहने के लिए प्रेरित किया गया।
उम्मीद दिव्यांग स्कूल में मंच की सदस्यों ने बच्चों के साथ स्नेहपूर्ण समय बिताया। इस दौरान सभी बच्चों के बीच बिस्किट, चिप्स और फ्रूटी का वितरण किया गया। बच्चों के साथ आत्मीय संवाद और उनके चेहरों पर आई मुस्कान कार्यक्रम का विशेष आकर्षण रही।
मारवाड़ी युवा मंच रामगढ़ कैंट चेतना शाखा के अध्यक्ष ने कहा कि सभी सदस्यों के सहयोग, समर्पण और सेवा भावना से कार्यक्रम सफलतापूर्वक संपन्न हुआ।
मौके पर शाखा ने भविष्य में भी समाजहित, महिला सशक्तिकरण, बाल सुरक्षा और जनजागरण से जुड़े कार्यक्रमों का नियमित आयोजन करने का संकल्प दोहराया।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / अमितेश प्रकाश

