रामप्रसाद विद्या मंदिर में छात्रों ने की जरूरतमंदों की आर्थिक मदद

WhatsApp Channel Join Now
रामप्रसाद विद्या मंदिर में छात्रों ने की जरूरतमंदों की आर्थिक मदद


रामप्रसाद विद्या मंदिर में छात्रों ने की जरूरतमंदों की आर्थिक मदद


रामगढ़, 27 फ़रवरी (हि.स.)। शहर के गोला रोड स्थित रामप्रसाद चंद्रभान सरस्वती शिशु विद्या मंदिर के सभागार में शुक्रवार को सम्मान समारोह का आयोजन किया गया।

यह कार्यक्रम विद्या भारती की योजना के अंतर्गत प्रतिवर्ष आयोजित होने वाले समर्पण पखवाड़ा के अवसर पर संपन्न हुआ। समर्पण पखवाड़ा के दौरान विद्यालय परिवार की ओर से समाज के गरीब और जरूरतमंद बच्चों के सहयोग के लिए विभिन्न गतिविधियां संचालित की जाती हैं।

इस अभियान के अंतर्गत शिक्षण सामग्री, पुस्तकें, कॉपियां, कपडे और भोजन की व्यवस्था की जाती है, ताकि वंचित वर्ग के बच्चों को शिक्षा से जोड़ने में सहायता मिल सके।

विद्यालय के भैया-बहनों ने भी बढ़-चढ़कर इसमें सहभागिता निभाई और अपने सामर्थ्य के अनुसार दान राशि दिया। विशेष रूप से कुछ भैया बहन किंशु, सक्षम, सृष्टि, वैभव ने अधिकतम राशि का सहयोग देकर समाज सेवा की उत्कृष्ट भावना का परिचय दिया। ऐसे उदार एवं प्रेरणादायी छात्र-छात्राओं को विद्यालय के वंदना सभागार में मेडल प्रदान कर सम्मानित किया गया।

इस अवसर पर शिशु मंदिर प्रमुख आचार्य महेश्वर महतो ने कहा कि समर्पण और सेवा भारतीय संस्कृति की मूल भावना है और विद्यार्थियों में बचपन से ही सेवा भाव विकसित होना बेहद जरूरी है। कार्यक्रम के अंत में सभी विद्यार्थियों को समाज के प्रति अपने दायित्व को समझते हुए आगे भी इसी प्रकार सेवा कार्यों में सक्रिय भागीदारी निभाने के लिए प्रेरित किया गया। समारोह का वातावरण उत्साह, प्रेरणा और सामाजिक संवेदनशीलता से परिपूर्ण रहा।

कार्यक्रम में रीता तिवारी, कुमकुम झा, सोमा चाकी, वीणा कुमारी, दुर्गेश कुमार, दया शंकर उपाध्याय, गौरी शंकर अग्रवाल, श्रीकांत द्विवेदी, बबीता कुमारी, अंजू कुमारी, शालू कुमारी, बबीता रानी, मुस्कान कुमारी उपस्थित थे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / अमितेश प्रकाश

Share this story