कॉलेज में नामांकन नहीं करा पाया पिता, बेटे ने कर ली खुदकुशी
रामगढ़, 07 मई (हि.स.)। रामगढ़ थाना क्षेत्र के बिजुलिया इलाके में एक छात्र ने सिर्फ इसलिए खुदकुशी कर ली, क्योंकि उसके पिता ने उसका नामांकन कॉलेज में नहीं कराया। इस विडंबना के बाद पूरा परिवार
शोक के दलदल में डूब गया है। जानकारी के अनुसार बिजुलिया निवासी राजू सिंह के 14 वर्षीय पुत्र गोपाल सिंह ने गुरुवार की शाम फंदे से लटककर खुदकुशी कर ली। जब परिजनों को घटना की जानकारी मिली तो उन्होंने गोपाल को इलाज के लिए होप हॉस्पिटल में भर्ती कराया। जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
रामगढ़ थाना प्रभारी नवीन प्रकाश पांडे ने बताया कि घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शांच पड़ताल कर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। गोपाल सिंह ने सेंट एंस स्कूल से मैट्रिक की परीक्षा पास की थी। बिजुलिया के प्रताप मार्केट में उसका अपना मकान था। गोपाल के पड़ोसियों ने बताया कि मैट्रिक की परीक्षा पास करने के बाद उसे राधा गोविंद विश्वविद्यालय में अपना नामांकन कराने की इच्छा थी। जिसके लिए वह लगातार अपने पिता से जिद करता था। लेकिन जब उसका नामांकन वहां होने की संभावना खत्म हो गई, तो उसने खुदकुशी कर ली। पुलिस इस पूरे मामले की जांच कर रही है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / अमितेश प्रकाश

