रांची में पिता ने की पुत्र की हत्या, आरोपित गिरफ्तार
रांची, 03 नवंबर (हि.स.)। रांची जिले के नरकोपी थाना क्षेत्र के बोबरो गांव में मंगलवार को एक पिता ने अपने बेटे की कुदाल से वार कर हत्या कर दी। मृतक की पहचान नितेश उरांव के रूप में हुई है, जबकि आरोपित पिता का नाम देवनाथ उरांव है।
पुलिस के अनुसार, बोबरो गांव के सिया टोली में मंगलवार को किसी बात को लेकर पिता-पुत्र के बीच विवाद हो गया। इसी दौरान देवनाथ उरांव ने अपने बेटे नितेश उरांव पर कुदाल से हमला कर दिया। हमले में नितेश की मौके पर ही मौत हो गई।
घटना की सूचना मिलते ही नरकोपी थाना पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए रिम्स भेज दिया। त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपित पिता देवनाथ उरांव को गिरफ्तार कर लिया गया। पुलिस ने हत्या में इस्तेमाल किया गया कुदाल भी जब्त कर लिया है।
ग्रामीणों के अनुसार, मामूली विवाद ने इतना गंभीर रूप ले लिया कि पिता ने अपने ही बेटे की हत्या कर दी। ग्रामीणों ने देवनाथ उरांव के मानसिक रूप से अस्वस्थ होने की बात भी कही है। हालांकि, इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है।
बेड़ो के पुलिस उपाधीक्षक (डीएसपी) दीपक कुमार ने बताया कि पिता द्वारा बेटे की हत्या किए जाने की सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने कार्रवाई कर आरोपित को गिरफ्तार कर लिया। हत्या के पीछे के कारणों की जांच की जा रही है।-----------
हिन्दुस्थान समाचार / विकाश कुमार पांडे

