कोलियरी के सुरक्षा गार्ड के साथ मारपीट मामले में बाप-बेटे को जेल
रामगढ़, 02 जून (हि.स.)। रामगढ़ थाना क्षेत्र के सिरका कोलियरी में सुरक्षा गार्ड के साथ हुई मारपीट के मामले में पुलिस ने पिता-पुत्र को गिरफ्तार कर जेल भेजा है।
रामगढ़ थाना प्रभारी नवीन प्रकाश पांडे ने बताया कि सिरका कोलियरी में कोयला चोरों के खिलाफ कार्रवाई करने गए सुरक्षा गार्ड के साथ ग्रामीणों ने मारपीट की थी। इस मामले में मामला दर्ज किया गया था।
मारपीट करने वालों में परसाबेड़ा टोला कहुआ बेड़ा के रहने वाले तिलू प्रजापति उर्फ तिनुक और उसका बेटा विक्की प्रजापति उर्फ विक्की कुमार शामिल थे। पुलिस ने पिता, पुत्र के नाम और पते का सत्यापन करने के बाद उनके खिलाफ वारंट जारी किया। दोनों पिता पुत्र को गिरफ्तार कर मंगलवार को जेल भेज दिया गया है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / अमितेश प्रकाश

