आधुनिक तकनीक से खेती करें किसान, कम लागत में बढ़ाएं पैदवार : उपायुक्त

WhatsApp Channel Join Now
आधुनिक तकनीक से खेती करें किसान, कम लागत में बढ़ाएं पैदवार : उपायुक्त


आधुनिक तकनीक से खेती करें किसान, कम लागत में बढ़ाएं पैदवार : उपायुक्त


रामगढ़, 25 नवंबर (हि.स.)। टाउन हॉल, रामगढ़ में बुधवार को कृषि प्रभाग की ओर से जिला स्तरीय रबी कार्यशाला सह खेत बचाओ अभियान एवं किसान मेला का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित उपायुक्त ऋतुराज ने किसानों को आधुनिक कृषि तकनीक अपनाने, कम लागत में अधिक उत्पादन प्राप्त करने और खेती को लाभकारी बनाने के लिए प्रेरित किया। कार्यक्रम में जिले के विभिन्न प्रखंडों से पहुंचे लगभग 350 किसानों ने हिस्सा लिया।

कार्यक्रम का शुभारंभ उपायुक्त ऋतुराज सहित अन्य अतिथियों ने संयुक्त रूप से दीप प्रज्वलित कर किया। इस अवसर पर उपायुक्त ने कहा कि कृषि ग्रामीण अर्थव्यवस्था की रीढ़ है और किसानों की समृद्धि से ही जिले का समग्र विकास संभव है। किसानों को पारंपरिक खेती के साथ आधुनिक तकनीकों का समन्वय करना होगा, ताकि उत्पादन लागत कम हो और आमदनी में वृद्धि हो सके।

उन्होंने कहा कि किसानों की आय बढ़ाना और कृषि को लाभकारी बनाना प्रशासन की प्राथमिकता है। सरकार की ओर से किसानों के हित में कई योजनाएं संचालित की जा रही हैं। संबंधित विभागीय पदाधिकारी यह सुनिश्चित करें कि योजनाओं की जानकारी अंतिम व्यक्ति तक पहुंचे और पात्र किसानों को समय पर इसका लाभ मिले। उन्होंने किसानों से कृषि विभाग के अधिकारियों और कृषि विज्ञान केंद्र के वैज्ञानिकों के संपर्क में रहकर उन्नत बीज, मिट्टी की गुणवत्ता एवं वैज्ञानिक खेती की जानकारी लेने की अपील की।

रबी फसल की तैयारी को लेकर उपायुक्त ने समय पर बुआई, उन्नत किस्म के बीजों के इस्तेमाल, संतुलित उर्वरक प्रबंधन और उचित सिंचाई व्यवस्था पर विशेष जोर दिया। उन्होंने कहा कि किसानों को खेतों की उर्वरता बनाए रखने के साथ प्राकृतिक संसाधनों का संरक्षण भी करना चाहिए। फसल अवशेषों को खेतों में जलाने के बजाय उनका उचित प्रबंधन करें। खेत बचाओ अभियान को सफल बनाने में किसानों की सक्रिय भागीदारी जरूरी है।

उपायुक्त ने किसानों से किसान क्रेडिट कार्ड (केसीसी) सहित कृषि एवं अन्य विभागों की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ उठाने और दूसरे किसानों को भी इसके प्रति जागरूक करने की अपील की।

कार्यक्रम के दौरान उपायुक्त ने चयनित लाभुक किसानों के बीच किसान क्रेडिट कार्ड (केसीसी) सहित विभिन्न सरकारी योजनाओं का लाभ वितरित किया। वहीं कृषि मेले में कृषि, सहकारिता और मत्स्य सहित विभिन्न विभागों की ओर से स्टॉल लगाए गए। इनके माध्यम से किसानों को आधुनिक कृषि उपकरणों, उन्नत बीजों, वैज्ञानिक खेती, फसल प्रबंधन और सरकारी योजनाओं की जानकारी दी गई। विशेषज्ञों एवं विभागीय कर्मियों ने किसानों की समस्याओं और जिज्ञासाओं का समाधान भी किया।

मौके पर जिला कृषि पदाधिकारी शुभंकर गुप्ता, जिला सहकारिता पदाधिकारी अश्वनी कुमार, जिला मत्स्य पदाधिकारी अरूप चौधरी, कृषि विज्ञान केंद्र के वरिष्ठ वैज्ञानिक डॉ. सुधांशु शेखर सहित अन्य उपस्थित थे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / अमितेश प्रकाश

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

783159 Articles

Share this story