सड़क हादसे में किसान की मौत, पत्नी घायल

WhatsApp Channel Join Now
सड़क हादसे में किसान की मौत, पत्नी घायल


पश्चिमी सिंहभूम, 04 मई (हि.स.)। जिले के मुफ्फसिल थाना क्षेत्र अंतर्गत बारकुंडिया गांव के पास हुए एक सड़क हादसे में किसान देवेन्द्र बिरुवा (35) की मौत हो गई, जबकि उनकी पत्नी सोंगा बिरुवा गंभीर रूप से घायल हो गईं।

जानकारी के अनुसार, देवेन्द्र बिरुवा अपनी पत्नी सोंगा बिरुवा के साथ साेमवार काे दाेपहर बाइक से टोंटो देनासाई (मंझारी थाना क्षेत्र) जा रहे थे। रास्ते में बरकुंडिया गांव के पास उनकी बाइक अनियंत्रित होकर पुलिया से टकरा गई। टक्कर इतनी तेज थी कि देवेन्द्र बिरुवा पुलिया के नीचे जा गिरे और गंभीर रूप से घायल हो गए, जबकि उनकी पत्नी भी हादसे में बुरी तरह जख्मी हो गईं।

घटना के बाद आसपास के ग्रामीणों ने दोनों को बाहर निकाला और पुलिस की मदद से तुरंत सदर अस्पताल, चाईबासा पहुंचाया। अस्पताल में इलाज के दौरान चिकित्सकों ने देवेन्द्र बिरुवा को मृत घोषित कर दिया। वहीं सोंगा बिरुवा का इलाज जारी है। डॉक्टरों के अनुसार हादसे में उनका दायां पैर टूट गया है और उनकी स्थिति पर नजर रखी जा रही है।

देवेन्द्र बिरुवा पेशे से किसान थे और खेती-बाड़ी कर अपने परिवार का भरण-पोषण करते थे। उनके परिवार में पत्नी और एक छह साल का बच्चा है। घटना के बाद गांव में शोक का माहौल है। सूचना मिलने पर पुलिस अस्पताल पहुंची और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / गोविंद पाठक

Share this story