अस्पताल बंद कराने की धमकी, झारखंड राज्य आरोग्य सोसाइटी जारी किया अलर्ट

WhatsApp Channel Join Now

रांची, 27 मार्च (हि.स.)। झारखंड में आयुष्मान भारत मुख्यमंत्री जन आरोग्य योजना से जुड़े अस्पतालों को फर्जी कॉल कर धमकाने और पैसे मांगने का मामला सामने आया है। इस संबंध में झारखंड स्टेट आरोग्य सोसाइटी के कार्यकारी निदेशक छवि रंजन ने शुक्रवार को अलर्ट जारी करते हुए अस्पताल प्रबंधन और आम लोगों को सतर्क रहने की अपील की है।

निदेशक ने कहा कि कोई भी व्यक्ति यदि अधिकारी बनकर फोन करे, धमकाए या पैसे मांगे, तो उसके झांसे में न आएं और तुरंत इसकी सूचना नामकुम स्थित सोसाइटी या निकटतम थाने को दें।

विभाग की ओर से जारी प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार मामले का खुलासा तब हुआ जब मुंधड़ा हॉस्पिटल प्राइवेट लिमिटेड के प्रतिनिधि वरुण मुंधड़ा ने शिकायत दर्ज कराई। उन्होंने बताया कि 25 मार्च की सुबह उन्हें एक फोन कॉल आया, जिसमें कॉल करने वाले ने खुद को पीएमजेएवाई का नोडल ऑफिसर बताते हुए अपना नाम अजय अग्रवाल बताया। उसने यह भी दावा किया कि वह स्वास्थ्य विभाग के अपर मुख्य सचिव के अधीन कार्यरत है।

फोन करने वाले व्यक्ति ने अस्पताल के खिलाफ 256 पेज की शिकायत होने और केंद्रीय जांच टीम के आने की बात कही। इसके बाद उसने शिकायत की कॉपी उपलब्ध कराने और मामले को मैनेज करने के नाम पर ऑनलाइन पैसे ट्रांसफर करने की मांग की।

अस्पताल प्रबंधन को मामला संदिग्ध लगा, जिसके बाद इसकी शिकायत नेशनल इंश्योरेंस कंपनी और संबंधित अधिकारियों को की गई। नेशनल इंश्योरेंस कंपनी ने इसे गंभीर मामला मानते हुए झारखंड स्टेट आरोग्य सोसाइटी को ईमेल भेजकर जांच और आवश्यक कार्रवाई का अनुरोध किया। स्वास्थ्य विभाग ने भी इस प्रकार के मामलों में सतर्कता बरतने और तुरंत सूचना देने की अपील की है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / Manoj Kumar

Share this story