झारखंड के नौ जिलों में बेहद कम बारिश, 19 में स्थिति सामान्य

WhatsApp Channel Join Now
झारखंड के नौ जिलों में बेहद कम बारिश, 19 में स्थिति सामान्य


रांची, 26 अगस्त (हि.स.)। झारखंड में मानसून की स्थिति असमान बनी हुई है। राज्य के 24 में से नौ जिलों में बारिश सामान्य से काफी कम दर्ज की गई है, जबकि 15 जिलों में वर्षा की स्थिति सामान्य बनी हुई है। एक जून से 26 अगस्त तक के आंकड़ों के अनुसार, सबसे अधिक कमी पाकुड़ जिले में दर्ज की गई है, जहां सामान्य से 53 प्रतिशत कम बारिश हुई है।

बारिश की कमी वाले अन्य जिलों में देवघर में सामान्य से 48 प्रतिशत, कोडरमा में 45 प्रतिशत, चतरा में 44 प्रतिशत, गिरिडीह में 38 प्रतिशत, गढ़वा में 37 प्रतिशत, हजारीबाग में 32 प्रतिशत, गोड्डा में 31 प्रतिशत और बोकारो में 26 प्रतिशत कम वर्षा दर्ज की गई है।

पिछले 24 घंटों के दौरान राज्य में सबसे अधिक बारिश हजारीबाग के कोनेर में 43.4 मिलीमीटर रिकॉर्ड की गई। इस दौरान सबसे अधिक तापमान 35 डिग्री सेल्सियस बहरागोड़ा में दर्ज किया गया, जबकि सबसे कम तापमान लातेहार में 21.8 डिग्री सेल्सियस रहा।

बुधवार को राजधानी रांची और आसपास के इलाकों में सुबह से ही आसमान में बादल छाए रहे। कुछ स्थानों पर हल्की बूंदाबांदी भी हुई। हालांकि, बारिश के बीच लोगों को हल्की गर्मी और उमस का भी एहसास हुआ।

रांची में बुधवार को अधिकतम तापमान 28.6 डिग्री और न्यूनतम तापमान 23 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। जमशेदपुर में अधिकतम 31.6 और न्यूनतम 26.8 डिग्री सेल्सियस रहा। डालटनगंज में अधिकतम तापमान 30.2 डिग्री और न्यूनतम 26 डिग्री, बोकारो में अधिकतम 32.1 डिग्री और न्यूनतम 26.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। वहीं, चाईबासा में अधिकतम तापमान 31.8 डिग्री और न्यूनतम 24.6 डिग्री सेल्सियस रहा।----------

हिन्दुस्थान समाचार / Vinod Pathak

Share this story