गुमला से एक मीट्रिक टन आम्रपाली आम का दुबई निर्यात
गुमला, 04 जुलाई (हि.स.)। झारखंड स्टेट लाइवलीहुड प्रमोशन सोसाइटी (जेएसएलपीएस), पलाश, जिला प्रशासन और एपीडा के संयुक्त प्रयास से शनिवार को गुमला से एक मीट्रिक टन उच्च गुणवत्ता वाले आम्रपाली आम का संयुक्त अरब अमीरात (दुबई) के लिए निर्यात किया गया।
उपायुक्त दिलेश्वर महतो, उपविकास आयुक्त अनिमेष रंजन और भूमि सुधार उपसमाहर्ता राजीव ने हरी झंडी दिखाकर आम की खेप रवाना किया। इस अवसर पर उपायुक्त दिलेश्वर महतो ने कहा कि स्थानीय कृषि उत्पादों को अंतरराष्ट्रीय बाजार से जोड़ना किसानों की आय बढ़ाने और ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूत करने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल है। उन्होंने जनजातीय महिला किसानों की ओर से मनरेगा की बिरसा हरित ग्राम योजना के तहत आम बागवानी के माध्यम से आत्मनिर्भरता की दिशा में किए जा रहे प्रयासों की सराहना की।
साथ ही किसानों और एफपीओ को एपीडा की योजनाओं का लाभ उठाकर कृषि उत्पादों के मूल्य संवर्धन और निर्यात की संभावनाओं का अधिकतम उपयोग करने के लिए प्रेरित किया। निर्यात में गुमला रायडीह एग्री प्रोड्यूसर कंपनी लिमिटेड और एमवीएम बघिमा पालकोट प्रोड्यूसर कंपनी लिमिटेड की अहम भूमिका रही। दोनों एफपीओ की ओर से उत्पादित आम्रपाली आम का निर्यात फेयर एक्सपोर्ट (इंडिया) प्राइवेट लिमिटेड के माध्यम से किया गया।
कार्यक्रम में एपीडा की सहायक महाप्रबंधक अंजलि नेहा लकड़ा, जिला कार्यक्रम प्रबंधक शैलेन्द्र जारिका, जेएसएलपीएस के पदाधिकारी, एफपीओ प्रतिनिधि और सदस्य मौजूद थे।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / Manoj Kumar

