सदर अस्पताल में नवजात के परिजनों तक पहुंची एक्सपायरी दवा, सीएस ने गठित की जांच कमेटी
रामगढ़, 11 नवंबर (हि.स.)। रामगढ़ सदर अस्पताल में नवजात बच्चे के परिजनों तक एक्सपायरी दवा पहुंचने का मामला सामने आने के बाद स्वास्थ्य विभाग में हड़कंप मच गया है। मामले की गंभीरता को देखते हुए सिविल सर्जन (सीएस) डॉ. अनिल कुमार ने तत्काल संज्ञान लेते हुए तीन सदस्यीय जांच कमेटी गठित कर दी है। उन्होंने स्पष्ट किया कि एक्सपायरी दवा बच्चे को नहीं दी गई थी और बच्चा स्वस्थ होकर अपने घर लौट चुका है। अब जांच इस बात की हो रही है कि इस्तेमाल के लिए अनुपयुक्त घोषित की गई दवा मरीज के परिजनों तक कैसे पहुंची।
मौके पर सिविल सर्जन ने बताया कि मामले की जानकारी मिलने के बाद ड्यूटी पर तैनात नर्स से पूछताछ की गई। पूछताछ में बताया गया कि 31 सैंपल दवाएं एक्सपायर हो चुकी थीं। उन्हें लाल कपड़े में बांधकर 'नॉट फॉर यूज' लिखते हुए एक कार्टून में अलग रखा गया था। इसके बावजूद एक्सपायरी दवा वहां से निकलकर मरीज के परिजनों तक कैसे पहुंची, इसकी पड़ताल की जा रही है। उन्होंने कहा कि जांच कमेटी जल्द अपनी रिपोर्ट सौंपेगी और लापरवाही सामने आने पर जिम्मेदारी तय की जाएगी।
इस मामले को लेकर प्रदेश कांग्रेस के सचिव राजकुमार यादव ने भी पिछले दो वर्षों में दवाओं की खरीद, टेंडर, सप्लाई ऑर्डर, बिल, बैच नंबर और स्टॉक रजिस्टर की जांच कराने की मांग की थी। उन्होंने आशंका जताई थी कि कहीं कम शेष अवधि वाली दवाओं की खरीद तो नहीं की गई है। इसके अलावा एसेंशियल वार्ड में नेबुलाइजेशन के लिए इस्तेमाल होने वाली दवाओं की एक्सपायरी डेट की भी जांच करने की मांग उठाई थी।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / अमितेश प्रकाश

