रांची में नियोकोन-2026 का तीसरा दिन: नवजात शिशुओं की देखभाल, पोषण और ‘गोल्डन ऑवर’ पर विशेषज्ञों का फोकस

WhatsApp Channel Join Now
रांची में नियोकोन-2026 का तीसरा दिन: नवजात शिशुओं की देखभाल, पोषण और ‘गोल्डन ऑवर’ पर विशेषज्ञों का फोकस


रांची, 19 अप्रैल (हि.स.)। झारखंड नवजात शिशु चिकित्सा मंच (नियोनेटोलॉजी फोरम) की ओर से आयोजित तीसरा झारखंड नियोकोन-2026 के तीसरे दिन रविवार को विभिन्न शैक्षणिक गतिविधियों और वैज्ञानिक प्रस्तुतियों का आयोजन किया गया। इस दौरान नवजात शिशुओं की बेहतर देखभाल, उपचार और पोषण से जुड़े अहम विषयों पर विशेषज्ञों ने गहन चर्चा की।

कार्यक्रम में झारखंड के सरकारी और निजी अस्पतालों के साथ-साथ अखिल भारतीय आयुर्विज्ञान संस्थान (एम्स) देवघर और एम्स पटना के रेजिडेंट डॉक्टरों ने पोस्टर एवं अवॉर्ड पेपर प्रस्तुत किए। विशेषज्ञों ने नवजात शिशुओं की समुचित देखभाल के लिए आवश्यक उपायों, चुनौतियों और नवीनतम चिकित्सा पद्धतियों पर अपने विचार साझा किए।

कार्यक्रम का उद्घाटन करते हुए राजेंद्र आयुर्विज्ञान संस्थान (रिम्स) के निदेशक डॉ. राजकुमार ने कहा कि नवजात शिशुओं में संक्रमण, दौरे (सीजर) और नियोनेटल कोलेस्टेसिस जैसे गंभीर विषयों पर विशेष ध्यान देने की आवश्यकता है। उन्होंने चिंता व्यक्त की कि इन कारणों से नवजात मृत्यु दर में बढ़ोतरी हो रही है।

उन्होंने फंगल संक्रमण, जन्म के बाद शिशुओं की वृद्धि (ग्रोथ) और उसकी नियमित निगरानी के महत्व पर भी जोर दिया। उनके अनुसार, समय पर ग्रोथ मॉनिटरिंग से शिशुओं के स्वास्थ्य में उल्लेखनीय सुधार संभव है।

कार्यक्रम में पोस्टर प्रस्तुति श्रेणी में डॉ. सुदीप्ता साहू को प्रथम पुरस्कार प्रदान किया गया, जबकि अवॉर्ड पेपर श्रेणी में डॉ. शुभा को प्रथम स्थान मिला। प्रतियोगिता के निर्णायक मंडल में डॉ. सोमशेखर निम्बालकर (एम्स देवघर), डॉ. वी.सी. मनोज (केरल), डॉ. अंबर कुमार (एम्स भोपाल) और डॉ. संजय कुमार (एम्स देवघर) शामिल रहे।

शैक्षणिक सत्र के दौरान डॉ. अमित उपाध्याय (मेरठ) ने नवजात शिशुओं को पर्याप्त पोषण उपलब्ध कराने के उपायों पर विस्तार से जानकारी दी। वहीं, राष्ट्रीय नवजात विज्ञान मंच के अध्यक्ष डॉ. लालन भारती ने समय से पूर्व जन्मे शिशुओं की ‘गोल्डन ऑवर’ में देखभाल और उससे जुड़े नवीनतम अपडेट्स पर प्रकाश डाला।

कार्यक्रम में देशभर से आए विशेषज्ञ-डॉ. मुर्तज़ा, डॉ. निरंजन एन (हैदराबाद), डॉ. दीपक कुमार, डॉ. विक्रम कुमार सिंह (नई दिल्ली) और डॉ. सुधीर मिश्रा (जमशेदपुर) सहित बड़ी संख्या में चिकित्सक एवं प्रतिभागी उपस्थित रहे।

----------

हिन्दुस्थान समाचार / Manoj Kumar

Share this story