झारखंड में चिकित्सा शिक्षा का बढ़ा दायरा, मेडिकल कॉलेजों में बढ़ी एमबीबीएस की सीटें

WhatsApp Channel Join Now

रांची, 28 अक्टूबर (हि.स.)। झारखंड में चिकित्सा शिक्षा के विस्तार के साथ मेडिकल कॉलेजों में एमबीबीएस की सीटों की संख्या लगातार बढ़ रही है। सरकारी संस्थानों के साथ निजी मेडिकल कॉलेजों की भागीदारी बढ़ने से राज्य के विद्यार्थियों के लिए चिकित्सा की पढ़ाई के नए अवसर उपलब्ध हो रहे हैं।

यह जानकारी बुधवार को स्वास्थ्य विभाग की ओर से जारी प्रेस विज्ञप्ति के माध्यम से दी गई। विज्ञप्ति में बताया गया कि झारखंड में सात वर्षों में मेडिकल कॉलेजों की एमबीबीएस सीटों में तीन गुनी वृद्धि हुई है। विभागीय आंकड़ों के अनुसार वर्ष 2019-20 में 580 सीटें थीं जबकि वित्तीय वर्ष 2026-27 में बढ़कर 1,650 सीटें हुईं है।

जारी विज्ञप्ति में बताया गया कि राज्य के सरकारी मेडिकल कॉलेजों में रांची स्थित राजेंद्र आयुर्विज्ञान संस्थान (रिम्स), धनबाद का शहीद निर्मल महतो मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल, जमशेदपुर का एमजीएम मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल तथा दुमका, पलामू और हजारीबाग के मेडिकल कॉलेज चिकित्सा शिक्षा में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहे हैं। इन संस्थानों में एमबीबीएस की सीटों के विस्तार से विद्यार्थियों को लाभ मिल रहा है।

स्वास्थ्य मंत्री इरफान अंसारी ने कहा कि चिकित्सा शिक्षा का विस्तार और स्वास्थ्य सेवाओं को मजबूत करना सरकार की प्राथमिकताओं में शामिल है। सरकार का प्रयास है कि राज्य के विद्यार्थियों को अपने प्रदेश में ही चिकित्सा की पढ़ाई के अधिक अवसर मिलें और भविष्य में चिकित्सकों की उपलब्धता बढ़े।

वहीं, स्वास्थ्य विभाग के अपर मुख्य सचिव अजय कुमार सिंह ने कहा कि मेडिकल कॉलेजों में सीटें बढ़ाने के साथ शिक्षण व्यवस्था, अस्पतालों के बुनियादी ढांचे, चिकित्सकीय संसाधनों और प्रशिक्षण की गुणवत्ता को भी मजबूत करना जरूरी है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / Manoj Kumar

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

768503 Articles

Share this story