रामगढ़ में 12 अप्रैल को 32 केंद्रों पर होगी उत्पाद सिपाही परीक्षा

WhatsApp Channel Join Now
रामगढ़ में 12 अप्रैल को 32 केंद्रों पर होगी उत्पाद सिपाही परीक्षा


रामगढ़, 08 अप्रैल (हि.स.)। रामगढ़ में झारखंड कर्मचारी चयन आयोग की ओर से आयोजित उत्पाद सिपाही लिखित परीक्षा 12 अप्रैल को होगी। जिले में इस परीक्षा के लिए 32 केंद्र बनाए गए हैं, जहां कुल 9384 परीक्षार्थी शामिल होंगे।

परीक्षा की तैयारियों को लेकर जिला प्रशासन पूरी तरह सक्रिय है। इस संबंध में उपायुक्त फ़ैज़ अक़ अहमद मुमताज की अध्यक्षता में समाहरणालय सभाकक्ष में सभी प्रतिनियुक्त दंडाधिकारियों और केंद्राधीक्षकों के साथ उच्चस्तरीय समीक्षा बैठक आयोजित की गई।

परीक्षा तीन पालियों में आयोजित की जाएगी। उपायुक्त ने स्पष्ट किया कि परीक्षा की शुचिता बनाए रखना प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है। उन्होंने कहा कि दंडाधिकारी और केंद्र अधीक्षक इस व्यवस्था की रीढ़ हैं और किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

उपायुक्त ने अधिकारियों को निर्देश दिया कि परीक्षा नियमावली से जुड़ी सभी शंकाओं का समय रहते समाधान कर लिया जाए, ताकि परीक्षा के दिन किसी प्रकार की बाधा न आए। सभी केंद्रों पर कदाचार मुक्त वातावरण सुनिश्चित करने के लिए जैमर, सीसीटीवी और सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत करने के निर्देश दिए गए हैं।

बैठक में अधिकारियों को केंद्र की घेराबंदी, प्रवेश द्वार पर कड़ी जांच, अभ्यर्थियों की सघन तलाशी और इलेक्ट्रॉनिक उपकरणों व प्रतिबंधित सामग्री पर पूर्ण रोक लगाने के निर्देश दिए गए। परीक्षा के बाद ओएमआर शीट और अन्य गोपनीय सामग्री को सुरक्षित तरीके से सील करने की प्रक्रिया की भी जानकारी दी गई।

उपायुक्त ने सभी केंद्र अधीक्षकों को समन्वय के साथ कार्य करने और किसी भी आपात स्थिति में तुरंत जिला नियंत्रण कक्ष को सूचित करने का निर्देश दिया।

बैठक में उप विकास आयुक्त आशीष अग्रवाल, अपर समाहर्ता कुमारी गीतांजलि, एसडीओ अनुराग कुमार तिवारी सहित कई प्रशासनिक एवं पुलिस अधिकारी, दंडाधिकारी और केंद्र अधीक्षक मौजूद थे।

-----------

हिन्दुस्थान समाचार / अमितेश प्रकाश

Share this story