राज्य में नए डिस्पेंसरी और प्रमुख शहरों में एंबुलेंस सेवा शुरू करे ईएसआईसी : चेंबर
रांची, 19 अप्रैल (हि.स.)। झारखण्ड चेंबर के अध्यक्ष आदित्य मल्होत्रा के नेतृत्व में फेडरेशन ऑफ झारखण्ड चैंबर ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्रीज के प्रतिनिधिमंडल ने ईएसआईसी के नवनियुक्त क्षेत्रीय निदेशक शिवेंद्र कुमार से रविवार को शिष्टाचार मुलाकात की।
इस दौरान चेंबर अध्यक्ष ने उन्हें सफल कार्यकाल के लिए बधाई दी। इस अवसर पर विभिन्न महत्वपूर्ण मुद्दों पर विस्तृत चर्चा की गई। प्रतिनिधिमंडल ने कर्मचारी राज्य बीमा योजना के अंतर्गत नए डिस्पेंसरी खोलने, प्रमुख शहरों में एंबुलेंस सेवा शुरू करने की राज्य सरकार की योजना, ईएसआईसी समिति के माध्यम से डॉक्टरों की नियुक्ति और नए शाखा कार्यालय खोलने जैसे विषयों को प्रमुखता से उठाया।
बैठक के दौरान यह भी अवगत कराया गया कि बोकारो में ईएसआईसी अस्पताल के निर्माण का मामला भूमि मूल्य निर्धारण को लेकर लंबे समय से राज्य सरकार एवं केंद्र सरकार के बीच लंबित है। इस दौरान यह सहमति बनी कि इस विषय पर झारखण्ड चेंबर जल्द ही केंद्र सरकार को पत्र लिखकर समाधान के लिए पहल करेगा। चेंबर अध्यक्ष आदित्य मल्होत्रा ने प्रसन्नता व्यक्त करते हुए कहा कि कर्मचारी राज्य बीमा निगम का अस्पताल बीमीतों को बेहतर चिकित्स्कीय सुविधाएं उपलब्ध करा रहा है। यह प्रयास चेंबर के लगातार किए गए पत्राचार एवं केंद्र सरकार के साथ सकारात्मक संवाद का परिणाम है।
वहीं उप समिति के अध्यक्ष प्रमोद सारस्वत ने ईएसआईसी अस्पताल में चिकित्सा सम्बंधित असुविधा होने पर लोगों से चेंबर को सूचित करने की अपील की। यह भी कहा कि विभाग की ओर से प्रत्येक माह सुविधा समागम की आयोजित बैठक में भी समस्याओं का समाधान कराया जा सकता है।
प्रतिनिधिमंडल में चेंबर के अध्यक्ष आदित्य मल्होत्रा, महासचिव रोहित अग्रवाल और श्रम एवं ईएसआईसी उप समिति के अध्यक्ष प्रमोद सारस्वत शामिल थे। इस अवसर पर ईएसआईसी के सहायक निर्देशक अभिषेक कुमार भी उपस्थित थे।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / Vinod Pathak

