रामगढ़ में दो पक्षों के बीच मारपीट का मामला गरमाया, सांसद ने की कार्रवाई की मांग
- दोनों पक्षों ने एक-दूसरे पर मारपीट और मॉब लिंचिंग का आरोप लगाते हुए दर्ज कराई प्राथमिकी- सांसद प्रतिनिधियों ने थाना प्रभारी से मुलाकात कर की आरोपितों की गिरफ्तारी की मांग
रामगढ़, 26 अक्टूबर (हि.स.)। रामगढ़ शहर के नईसराय इलाके में 23 अक्टूबर को दो पक्षों के बीच हुई मारपीट का मामला तूल पकड़ता जा रहा है। दोनों पक्षों ने एक-दूसरे पर मारपीट और मॉब लिंचिंग का आरोप लगाते हुए रामगढ़ थाने में प्राथमिकी दर्ज कराई है। पुलिस ने दोनों पक्षों की शिकायत पर मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
सोमवार को हजारीबाग सांसद मनीष जायसवाल के निर्देश पर उनके प्रतिनिधि अनमोल सिंह और राजीव जायसवाल ने रामगढ़ थाना प्रभारी गजेंद्र पांडे से मुलाकात की। उन्होंने घटना में शामिल आरोपितों की जल्द गिरफ्तारी और मामले में त्वरित कार्रवाई की मांग की।
इस दौरान सांसद मनीष जायसवाल ने भी मोबाइल फोन पर थाना प्रभारी से बातचीत की। उन्होंने अमन कुमार राय और उनके भाई के साथ मारपीट करने वालों के खिलाफ शीघ्र कार्रवाई करने को कहा।
थाना प्रभारी गजेंद्र पांडे ने बताया कि दोनों पक्षों की शिकायत पर प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है। मामले की जांच की जा रही है और जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / अमितेश प्रकाश

