रामगढ़ में 3.55 करोड़ से बनेगा एनवायरमेंट अवेयरनेस सेंटर, हुआ शिलान्यास

WhatsApp Channel Join Now
रामगढ़ में 3.55 करोड़ से बनेगा एनवायरमेंट अवेयरनेस सेंटर, हुआ शिलान्यास


रामगढ़, 06 नवंबर (हि.स.)। शहर में पर्यावरण संरक्षण और जन-जागरूकता को बढ़ावा देने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल की गई है। शहर में तीन करोड़ 55 लाख 19 हजार 459 रुपये की लागत से एनवायरमेंट अवेयरनेस सेंटर का निर्माण कराया जाएगा। शुक्रवार को इस महत्वाकांक्षी परियोजना का शिलान्यास विधायक ममता देवी, डीसी ऋतुराज, वन प्रमंडल पदाधिकारी नीतीश कुमार ने संयुक्त रूप से किया।

जिला खनिज फाउंडेशन ट्रस्ट (डीएमएफटी) की राशि से बनने वाले इस केंद्र की सबसे बड़ी खासियत यह है कि आजादी के समय स्थापित पुराने वुड ट्रीटमेंट प्लांट को ध्वस्त करने के बजाय हेरिटेज रेट्रोफिटिंग के माध्यम से संरक्षित कर नया स्वरूप दिया जाएगा। ऐतिहासिक भवन को आधुनिक पर्यावरण जागरूकता केंद्र के रूप में विकसित किया जाएगा।

इस मौके पर विधायक ममता देवी ने कहा कि पर्यावरण संरक्षण आज की सबसे बड़ी जरूरतों में शामिल है। इस केंद्र के निर्माण से बच्चों, युवाओं और आम नागरिकों को प्रकृति और प्राकृतिक संसाधनों के महत्व की जानकारी मिलेगी।

उपायुक्त ऋतुराज ने कहा कि जिले में विकास के साथ पर्यावरण संरक्षण को भी प्राथमिकता दी जा रही है। पुरानी ऐतिहासिक संरचना को सुरक्षित रखते हुए जनहित में उपयोगी बनाना इस परियोजना की विशेषता है। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को गुणवत्तापूर्ण कार्य निर्धारित समय सीमा में पूरा करने का निर्देश दिया।

वन प्रमंडल पदाधिकारी नीतीश कुमार ने कहा कि केंद्र के माध्यम से वन संरक्षण, जैव विविधता, जल संरक्षण और प्रदूषण नियंत्रण के प्रति लोगों को जागरूक किया जाएगा।

मौके पर विभिन्न विभागों के पदाधिकारी, जनप्रतिनिधि और कई गणमान्य उपस्थित थे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / अमितेश प्रकाश

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

773656 Articles

Share this story