राज्य के विकास की आधारशिला हैं इंजीनियर : दीपिका

WhatsApp Channel Join Now
राज्य के विकास की आधारशिला हैं इंजीनियर : दीपिका


राज्य के विकास की आधारशिला हैं इंजीनियर : दीपिका


रांची, 15 सितंबर (हि.स.)।

झारखंड अभियंत्रण सेवा संघ (जीईएसए) की ओर से मंगलवार को रांची में 59वें इंजीनियर्स डे सह भारत रत्न मोक्षगुंडम विश्वेश्वरैया की 165वीं जयंती समारोह का आयोजन किया गया।

इस अवसर पर मंत्री दीपिका पांडेय सिंह ने एम विश्वेश्वरैया को श्रद्धांजलि देते हुए राष्ट्र निर्माण में उनके योगदान को अतुलनीय बताया। उन्होंने कहा कि इंजीनियर किसी भी राज्य के विकास की आधारशिला होते हैं। मंत्री ने कहा कि झारखंड में ऐसी मजबूत, टिकाऊ और जनोपयोगी संरचनाओं का निर्माण होना चाहिए, जिसकी चर्चा 100 वर्ष बाद भी हो।

रांची में इंजीनियर्स ऐसी संरचनाएं बनाएं जिसकी राष्ट्रीय स्तर पर चर्चा हो। इसपर कार्य करने की जरूरत है। उन्होंने कहा कि झारखंड के इंजीनियरों में प्रतिभा और क्षमता की कमी नहीं है। उनकी तकनीकी दक्षता और अनुभव का बेहतर इस्तेमाल कर राज्य में ऐसी विशिष्ट संरचनाएं विकसित की जानी चाहिए, जिन्हें देखने देशभर से लोग झारखंड आएं। मंत्री ने इंजीनियरों से निर्माण कार्यों में गुणवत्ता, अनुशासन और समयबद्धता को प्राथमिकता देने का आह्वान किया।

मंत्री ने कहा कि योजनाओं के डीपीआर में बार-बार संशोधन की जरूरत न पड़े, इसके लिए योजना तैयार करने के दौरान ही तकनीकी पहलुओं का गंभीर अध्ययन जरूरी है। दीपिका पांडेय सिंह ने जीईएसए की वाहन और तकनीकी प्रशिक्षण समेत अन्य मांगों को जायज बताते हुए सरकार के स्तर से आवश्यक पहल का आश्वासन दिया।

कार्यक्रम में मंत्री योगेंद्र प्रसाद, मंत्री हफीजुल हसन, विभागीय सचिव, जीईएसए के पदाधिकारी और बड़ी संख्या में अभियंता मौजूद थे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / Manoj Kumar

Share this story