डोरंडा-कांके रोड में निगम ने की सड़क चौड़ीकरण के लिए भूमि मापी

WhatsApp Channel Join Now
डोरंडा-कांके रोड में निगम ने की सड़क चौड़ीकरण के लिए भूमि मापी


रांची, 08 जुलाई (हि.स.)। रांची नगर निगम ने शहर को अतिक्रमण मुक्त बनाने, यातायात व्यवस्था सुगम करने और सड़क चौड़ीकरण कार्यों को गति देने की बात पर बुधवार को डोरंडा और कांके रोड क्षेत्र में सघन अतिक्रमण हटाओ अभियान चलाया।

इस दौरान अवैध दुकानों और अस्थायी संरचनाओं को हटाने के साथ सड़क चौड़ीकरण के लिए भूमि की मापी कर अतिक्रमित क्षेत्रों को चिह्नित किया गया।

अभियान के दौरान उप नगर आयुक्त रविंद्र कुमार और सहायक नगर आयुक्त राहुल यादव ने भू-संपदा शाखा के साथ रातू रोड चौक से शनि मंदिर (हरमू रोड) तक सड़क का निरीक्षण कर भूमि की मापी कराई। सड़क चौड़ीकरण के लिए पूर्व में अधिग्रहीत भूमि पर हुए अतिक्रमण को चिह्नित करते हुए संबंधित लोगों को निर्धारित समय सीमा में स्वयं अतिक्रमण हटाने का निर्देश दिया गया। निगम ने कहा कि समयसीमा समाप्त होने के बाद नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। साथ ही नागरिकों से सार्वजनिक भूमि और फुटपाथों पर अतिक्रमण नहीं करने और शहर के विकास कार्यों में सहयोग देने की अपील की गई।

इस दौरान डोरंडा में एजी मोड़ से डोरंडा थाना तक चले अभियान में सड़क और फुटपाथ पर किए गए अतिक्रमण को हटाते हुए दो आयरन काउंटर, छह अवैध दुकानें और पांच अस्थायी संरचनाएं हटाई गईं। निगम की टीम ने अतिक्रमणकारियों को दोबारा कब्जा नहीं करने की चेतावनी भी दी। वहीं राम मंदिर (कांके रोड) से किशोरगंज चौक तक न्यू पुलिस लाइन मोड़ पर चार ठेले, दो गुमटियां और अन्य अतिक्रमण सामग्री जब्त की गई। ट्रेड लाइसेंस नहीं मिलने पर तीन दुकानों को बंद कर आवश्यक लाइसेंस लेने का निर्देश दिया गया।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / Manoj Kumar

Share this story