कांके डैम के तटवर्ती क्षेत्र में चला अतिक्रमण मुक्त अभियान, हटाए गए 03 अवैध खटाल

WhatsApp Channel Join Now
कांके डैम के तटवर्ती क्षेत्र में चला अतिक्रमण मुक्त अभियान, हटाए गए 03 अवैध खटाल


रांची, 19 जून (हि.स.)। रांची नगर निगम की इंफोर्समेंट टीम की ओर से शुक्रवार को वार्ड संख्या-01 स्थित कांके डैम के तटवर्ती क्षेत्र में अतिक्रमण अभियान चलाया गया। इलाके में संचालित किए जा रहे कुल 03 अवैध खटालों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई करते हुए उन्हें हटाकर ध्वस्त कर दिया गया।

उल्लेखनीय है कि निगम की ओर से विगत दिनों इसी क्षेत्र में अभियान चलाकर कुल 11 अवैध पिगरी (सूअर पालन केंद्र) को भी हटाया गया था। इन अवैध पशुपालन गतिविधियों से उत्पन्न अपशिष्टों के कारण कांके डैम के जल स्रोत और आसपास के पर्यावरण के प्रदूषित होने की आशंका बनी हुई थी, जिससे जनस्वास्थ्य एवं पर्यावरण पर प्रतिकूल प्रभाव पड़ सकता था।

कांके डैम क्षेत्र को अतिक्रमण और प्रदूषण मुक्त बनाए रखने एवं जल स्रोतों के संरक्षण के उद्देश्य से रांची नगर निगम की ओर से यह कार्रवाई की गई। निगम ने स्पष्ट किया है कि सार्वजनिक जल स्रोतों, कैचमेंट क्षेत्रों और सरकारी भूमि पर किसी भी प्रकार के अवैध अतिक्रमण एवं प्रदूषण फैलाने वाली गतिविधियों के विरुद्ध आगे भी अभियान लगातार जारी रहेगा।

रांची नगर निगम के नगर आयुक्त सुशांत गौरव ने नागरिकों से अपील कि है कि कांके डैम सहित सभी जलाशयों में किसी भी प्रकार का ठोस या तरल अपशिष्ट न डालें और जलाशयों के तटवर्ती क्षेत्रों में अतिक्रमण न करें। जल स्रोतों की स्वच्छता, पर्यावरण संरक्षण एवं शहर के प्राकृतिक संसाधनों को सुरक्षित रखने के लिए प्रशासन का सहयोग करें और अपने आसपास के लोगों को भी इसके प्रति जागरूक करें।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / विकाश कुमार पांडे

Share this story