नगर निगम ने बरियातू और डोरंडा में चलाया अतिक्रमण हटाओ अभियान
रांची, 26 जून (हि.स.)। रांची नगर निगम ने शहर को अतिक्रमण मुक्त बनाने और यातायात व्यवस्था को सुचारू रखने को लेकर शुक्रवार को बरियातू रोड और डोरंडा क्षेत्र में विशेष अतिक्रमण हटाओ अभियान चलाया।
अभियान के दौरान सड़क किनारे और नालियों के ऊपर किए गए अतिक्रमण को हटाते हुए कई अस्थायी संरचनाओं को जब्त किया गया। नगर निगम की टीम ने बरियातू रोड क्षेत्र में कार्रवाई करते हुए दो गुमटी, तीन लोहे के काउंटर और चार अवैध गुमटियों को हटाकर जब्त कर लिया। वहीं डोरंडा क्षेत्र में रिलायंस ट्रेंड्स के समीप सड़क किनारे अतिक्रमण कर लगाए गए पांच ठेलों को भी जब्त किया गया।
अभियान के दौरान निगम अधिकारियों ने अतिक्रमणकारियों को सार्वजनिक स्थलों और सड़कों पर दोबारा कब्जा नहीं करने की चेतावनी दी। अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि भविष्य में पुनः अतिक्रमण पाए जाने पर संबंधित लोगों के खिलाफ नियमानुसार कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
नगर निगम के अधिकारियों ने कहा कि शहर में बढ़ते यातायात दबाव को देखते हुए सड़कों और नालियों पर अतिक्रमण हटाना आवश्यक है, ताकि लोगों को सुगम आवागमन की सुविधा मिल सके और शहरी व्यवस्थाएं बेहतर बन सकें।
निगम ने कहा कि शहर के विभिन्न क्षेत्रों में अतिक्रमण हटाओ अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा। जिससे सार्वजनिक स्थलों को अतिक्रमण मुक्त कर नागरिकों को बेहतर शहरी सुविधाएं उपलब्ध कराना है।
इस अवसर पर निगम के कई अधिकारी माैजूद थे।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / Manoj Kumar

