हाथियों ने घर तोड़े, धान की फसल रौंदी

WhatsApp Channel Join Now
हाथियों ने घर तोड़े, धान की फसल रौंदी


हाथियों ने घर तोड़े, धान की फसल रौंदी


चतरा, 29 अक्टूबर (हि.स.)। टंडवा प्रखंड के राहम पंचायत के लरंगा सामेडीह गांव में हाथियों के झुंड ने जमकर उत्पात मचाया। झुंड ने खेतों में लगी धान की फसल को रौंदने के साथ घरों में रखे अनाज को नुकसान पहुंचाया। हाथियों के उत्पात में चार घर भी क्षतिग्रस्त हो गए। घटना के बाद से ग्रामीणों में दहशत का माहौल है। ग्रामीणों के अनुसार हाथियों के झुंड में 15 से 16 हाथी शामिल हैं।

हाथियों के गांव के आसपास मौजूद रहने से लोग दिनभर भयभीत रहे और उन्हें जान-माल के नुकसान की आशंका सताती रही। ग्रामीणों के मुताबिक, हाथियों ने धान की फसल को बर्बाद कर दिया तथा लगभग 10 क्विंटल अनाज को नुकसान पहुंचाया। इसके अलावा चार घरों को भी क्षति पहुंचाई है। हाथियों की मौजूदगी से ग्रामीणों की परेशानी बढ़ गई है।

युवा समाजसेवी उपेंद्र पांडेय ने मामले की सूचना वन विभाग के अधिकारियों और स्थानीय थाना को दी। ग्रामीणों ने वन विभाग से तत्काल कार्रवाई करते हुए हाथियों को सुरक्षित तरीके से जंगल की ओर खदेड़ने और प्रभावित परिवारों की सुरक्षा सुनिश्चित करने की मांग की है। इस संबंध में वन विभाग के प्रभारी रेंजर राम बाबू ने बताया कि बुधवार की रात हाथियों के झुंड के पहुंचने की सूचना ग्रामीणों से मिली है। झुंड में 15 से 16 हाथी हैं। वनकर्मी हाथियों को क्षेत्र की सीमा से बाहर निकालने का प्रयास कर रहे हैं। उन्होंने बताया कि हाथियों के उत्पात से धान की फसल, अनाज और चार घरों को नुकसान पहुंचने की जानकारी मिली है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / जितेन्द्र तिवारी

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

769088 Articles

Share this story