रांची में बिजली विभाग का अभियान, झूलते और अनधिकृत केबल हटाए गए

WhatsApp Channel Join Now
रांची में बिजली विभाग का अभियान, झूलते और अनधिकृत केबल हटाए गए


रांची में बिजली विभाग का अभियान, झूलते और अनधिकृत केबल हटाए गए


रांची, 03 सितंबर (हि.स.)। राजधानी रांची और आसपास के क्षेत्रों में बिजली विभाग ने गुरुवार को बिजली के खंभों पर अनधिकृत रूप से लगाए गए, कम ऊंचाई पर झूल रहे टेलीकॉम, ऑफिस और टीवी केबल को हटाने का अभियान चलाया। विभाग की टीम ने शहर के विभिन्न प्रमुख इलाकों में अभियान चलाकर सड़कों और सार्वजनिक स्थानों पर खतरा पैदा कर रहे केबलों को हटाया।

बिजली विभाग के अनुसार, अभियान के तहत डोरंडा, हिनू, मेन रोड, कुशाई, अशोकनगर, हरमू, अपर बाजार, रातू रोड, बिरसा चौक, बरियातू, बूटी मोड़, कोकर, करमटोली चौक, कांके रोड और मोरहाबादी सहित कई क्षेत्रों में कार्रवाई की गई।

विभाग ने गुरुवार को बताया कि बिजली के खंभों पर अनधिकृत और कम ऊंचाई पर लगाए गए केबल के कारण लोगों को परेशानी के साथ-साथ दुर्घटना का खतरा भी बना रहता है। कई स्थानों पर केबल सड़क की ओर झूलते रहते हैं और कभी-कभी टूटकर सड़क पर गिर जाते हैं। इससे राहगीरों और वाहन चालकों के लिए खतरा उत्पन्न हो सकता है।

विभाग ने स्पष्ट किया कि अनधिकृत और झूलते केबल के खिलाफ यह अभियान आगे भी जारी रहेगा। शहर के प्रमुख मार्गों और मुहल्लों में सुरक्षा व्यवस्था को ध्यान में रखते हुए ऐसे केबल को हटाने की कार्रवाई की जाएगी।

बिजली विभाग के इस अभियान से सड़कों पर झूल रहे केबलों के कारण होने वाली दुर्घटनाओं की आशंका कम होने की उम्मीद है।--------------

हिन्दुस्थान समाचार / Vinod Pathak

Share this story