रामगढ़ के सभी मतदान केंद्रों पर चुनावी पाठशाला आयोजित
रामगढ़, 04 नवंबर (हि.स.)। निर्वाचन आयोग के निर्देश पर बुधवार को जिले के सभी मतदान केंद्रों पर बूथ लेवल एजेंट एवं बूथ लेवल ऑफिसर की पांचवीं बैठक के साथ चुनाव पाठशाला का आयोजन किया गया। डीसी ऋतुराज ने जिले के विभिन्न मतदान केंद्रों का निरीक्षण कर निर्वाचन कार्यों की समीक्षा की। उन्होंने संबंधित अधिकारियों एवं कर्मियों को निर्वाचन आयोग के दिशा-निर्देशों के अनुरूप मतदाता सूची के शुद्धिकरण एवं अद्यतीकरण की प्रक्रिया पूरी करने का निर्देश दिया।
बैठक में विशेष गहन पुनरीक्षण और होम-टू-रोल वेरिफिकेशन प्रक्रिया के तहत मतदाताओं के विवरण के सत्यापन पर विशेष जोर दिया गया। प्रपत्र-2 में अंकित, नोटिस एवं सत्यापन की प्रक्रिया पूरी नहीं करने वाले मतदाताओं की नामवार सूची प्रकाशित कर और उपस्थित नागरिकों के समक्ष पढ़कर सुनाई गई। इस दौरान मतदाता विवरण के मिलान, आवश्यक दस्तावेजों के संकलन और सूची में त्रुटियों को दूर करने पर चर्चा हुई।
उपायुक्त ने युवाओं से अपील की कि जिनकी आयु एक अक्टूबर 2026 तक 18 वर्ष पूरी हो चुकी है, वे वोटर हेल्पलाइन एप के माध्यम से मतदाता सूची में अपना नाम दर्ज कराएं। उन्होंने कहा कि लोकतंत्र में प्रत्येक पात्र नागरिक की भागीदारी जरूरी है।
चुनाव पाठशाला में नागरिकों को नया नाम जुड़वाने, नाम-पते में सुधार कराने और मतदाता सूची में अपनी प्रविष्टि की स्थिति जांचने की जानकारी दी गई। जिला प्रशासन ने सभी नागरिकों से अपने मतदाता विवरण की जांच कर आवश्यक सुधार कराने की अपील की, ताकि कोई भी पात्र व्यक्ति मतदान के अधिकार से वंचित न रहे।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / अमितेश प्रकाश

